इस खूंखार विलेन की नाक में सुपरस्टार ने कर रखा था दम, दरवाजा खटखटा कर खराब कर देता था नींद, सामने आया सच
Gulshan Grover Birthday: दर्शकों के बीच 'बैड मैन' नाम से फेमस गुलशन ग्रोवर ने अपनी जिंदगी में काफी स्ट्रगल देखा है। एक समय पर उनके पास अपनी स्कूल की फीस भरने तक के पैसे नहीं हुआ करते थे, लेकिन फिल्मी दुनिया में कदम रखते ही अन्य स्टार्स की तरह उनकी भी किस्मत पलट गई।

बॉलीवुड में कई विलेन हुए, लेकिन उनमें से कुछ ऐसे हैं जिन्हें आज भी देखते ही फैंस को उनके खूंखार रोल याद आ जाते हैं। इन्हीं में से एक गुलशन ग्रोवर भी हैं, जो दर्शकों के बीच 'बैड मैन' नाम से मशहूर हैं, जिनका आज यानी 21 सितंबर को जन्मदिन है। गुलशन ग्रोवर की गिनती बॉलीवुड के सबसे मशहूर खलनायकों में होती है, उन्होंने अपने खतरनाक अवतार से हीरो-हीरोइन की नाक में खूब दम किया। लेकिन, क्या आप उस स्टार के बारे में जानते हैं जिसने रियल लाइफ में गुलशन ग्रोवर की नाक में दम कर दिया था। जी हां, हाल ही में इंडिया टीवी के पॉपुलर शो आप की अदालत में इस किस्से का खुलासा हुआ। क्या है पूरा किस्सा आईये बताते हैं आपको।
गुलशन ग्रोवर को सुबह-सुबह उठा देते थे अक्षय कुमार?
हाल ही में अक्षय कुमार ने इंडिया टीवी के पॉपुलर शो आप की अदालत में शिरकत की। जहां, इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा ने उस किस्से का जिक्र छेड़, जब गुलशन ग्रोवर ने अक्षय के मजाकिया अंदाज का जिक्र करते हुए कहा था कि वह अक्सर उनका दरवाजा खटखटाकर उन्हें उठा देते थे। रजत शर्मा ने कहा- 'गुलशन ग्रोवर ने एक इंटरव्यू में कहा कि जब आउटस्टेशन शूटिंग हो रही होती है तो सुबह पांच बजे आकर सबके दरवाजे खटखटा देते। उठ जाओ।'
अक्षय कुमार ने बताया सच
अक्षय कुमार ने जवाब में कहा- 'नहीं-नहीं... मैं ऐसा क्यों करूंगा? ऐसा क्यों करूंगा मैं? क्यों दरवाजे किसी के घर कोई मैं प्रोडक्शन मैनेजर थोड़ी हूं जो लोगों के दरवाजे खटखटाऊंगा की चलो रेडी हो जाओ। गुलशन को कभी उसने कुछ बोला होगा की मुझे उठा दो भाई तो उठा दिया होगा उस दिन। अब उसने यह आदत समझ ली होगी कि मैं भी रोज उठाने वाला हूं तो गलत बात है।'
गुलशन ग्रोवर का करियर
गुलशन ग्रोवर ने 1980 में आई 'हम पांच' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था और इसके बाद कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उनका जन्म 21 सितंबर 1955 को दिल्ली में हुआ और फिर उन्होंने मुंबई में अपनी स्कूली शिक्षा और एक्टिंग की पढ़ाई की। हालांकि, उनका बचपन बेहद संघर्ष में गुजरा, कई बार तो उन्हें खाली पेट भी सोना पड़ा। उनके पास अपनी फीस भरने के भी पैसे नहीं होते थे, जिसके चलते वह डिटर्जेंट पाउडर बेचते थे और घर-घर जाकर बर्तन धोते थे।
गुलशन ग्रोवर की शादी
गुलशन ग्रोवर पर लिखी किताब 'बैड मैन' में उनकी जिंदगी से जुड़े कई किस्से हैं, जिसमें उनकी मैरिड लाइफ का भी जिक्र है। उनकी पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने 2 शादियां कीं, इसके बाद भी अकेले रह गए। उन्होंने 1998 में फिलोमिना से पहली शादी की, लेकिन दोनों की शादी ज्यादा समय तक नहीं टिक पाई। 2001 में ही गुलशन ग्रोवर और फिलोमिना अलग हो गए। दोनों का एक बेटा है, जिसका नाम संजय ग्रोवर है। फिलोमिना से अलग होने के 2 साल बाद एक्टर ने कशिश से दूसरी शादी की और एक ही साल में दोनों का तलाक हो गया।
इन फिल्मों में किया काम
गुलशन ग्रोवर ने अपने करियर में 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। उनकी कुछ चर्चित फिल्मों की बात करें तो वह 'सौदागर', 'कुर्बान', 'राम लखन', 'अवतार', 'क्रिमिनल', 'मोहरा', 'जम्बो', 'दिल मांगे मोर', 'कर्ज', 'गंगा देवी', 'एजेंट विनोद', 'राम लखन' और 'आई एम कलाम' जैसी फिल्में शामिल हैं।
ये भी पढ़ेंः