अक्षय कुमार ने 30 साल के लंबे फिल्मी करियर में 150 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और एक से बढ़कर एक हिट फिल्में हिंदी सिनेमा को दीं। उन्होंने अपने करियर में लगभग हर जॉनर की फिल्म की है। फिर चाहे वो एक्शन हो, रोमांटिक या फिर कॉमेडी। उन्होंने फिल्म इंडिस्ट्री में अपने करियर की शुरुआत एक एक्शन हीरो के रूप में की और फिर 'धड़कन', 'अंदाज', 'नमस्ते लंदन' जैसी रोमांटिक और 'हेरा फेरी', 'मुझसे शादी करोगी', 'फिर हेरा फेरी', और 'भूल भुलैया' जैसी कॉमेडी फिल्मों से वाहवाही लूटी। यूं तो अक्षय कुमार ने अपने करियर में कई हिट फिल्में दीं, लेकिन एक-दो बार उनके करियर में वो दौर भी आया जब उन्होंने बैक टू बैक फ्लॉप फिल्में दीं। अब अक्षय कुमार ने इंडिया टीवी के पॉपुलर शो 'आप की अदालत' में अपनी जिंदगी के उस दौर के बारे में बात की और बताया कि एक समय पर उन्होंने फिल्में छोड़ने तक का मन बना लिया था।
जब अक्षय कुमार की एक साथ 14 फिल्में फ्लॉप हुईं
आप की अदालत में जब इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा उनसे पूछा- एक जमाना यह था जब एक के बाद एक आपकी कई फिल्में, 10 12 फिल्में फ्लॉप हो गई थी। तब आपको स्ट्रेस हुआ था। तब आप परेशान हुए थे? तो अक्षय कुमार ने मजाकिया अंदाज में कहा- 'अब यह बात करें, वह बात नहीं बता रहे लोगों को। यह एक जमाना था जहां 14 फिल्में हिट भी हुई थी। मतलब? कोई बात नहीं। मुझे पता है यह अदालत है, मेरे पर केस है, मुकदमा होना चाहिए और नेगेटिव चीजों पर ही होनी चाहिए। पॉजिटिव तो छोड़ो, कोई नहीं देखेंगे तो ठीक है।'
एक नहीं दो-तीन बार हुआ ऐसा- अक्षय कुमार
अक्षय कुमार आगे कहते हैं- 'हां, जी हां, मेरे ऐसा एक बार नहीं दो या तीन बार हुआ है। जहां कंटीन्यूअसली मेरी आठ नौ फिल्में नहीं चलीं, कभी 10 फिल्में नहीं चली। फिर कई बार ऐसा हुआ है। 14, 14, 16, 16 फिल्में साथ में चली हैं। तो यह तो होता रहता है। उतरा चढ़ाव तो होता रहता है, लेकिन स्ट्रेस की बात नहीं है। स्ट्रेस नहीं हुआ था। हां, यह जरूर था। एक वक्त था कि जब मेरे पास मेरी फिल्में नहीं चल रही थीं तो मैंने सोचा अब क्या करें और करीबन करीब 14-15 फिल्में नहीं चल रही थीं तो मुझे लगा कि शायद मैं इसके लिए उपयुक्त नहीं हूं तो कुछ ना कुछ तो काम करना है।'
कनाडा में बिजनेस का बनाया प्लान
अपनी बात जारी रखते हुए सुपरस्टार ने कहा- 'तब मेरा एक दोस्त था कनाडा में तो उसने बोला तू इधर आजा, इधर काम करेंगे, साथ में कुछ करेंगे। यहां बिजनेस करते हैं। उसका कोई बिजनेस था, कारगो का बिजनेस था तो तब मैंने कहा चलो वहां चला जाता हूं और मेरी फिल्म लास्ट की एक या दो फिल्म रह गई थी तो मैं वो खत्म करके मैं चला गया था उधर, फिर उधर काम थोड़ा करने लगा था तब तक। फिर जब यह फिल्म रिलीज हुई, यह हिट हो गई। फिर अगली वाली फिर भी हिट हो गई।'
ये भी पढ़ेंः