A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. 'आधी रात को नींद से अचानक उठ जाते हैं, किसी से नहीं करते बात', अभी कहां हैं प्लेन क्रैश में अकेले जिंदा बचने वाले विश्वास कुमार?

'आधी रात को नींद से अचानक उठ जाते हैं, किसी से नहीं करते बात', अभी कहां हैं प्लेन क्रैश में अकेले जिंदा बचने वाले विश्वास कुमार?

एयर इंडिया प्लेन क्रैश में भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश एकमात्र यात्री थे, जो जीवित बचे हैं। दुर्घटना के एक दिन बाद पीएम मोदी ने अस्पताल में रमेश से मुलाकात की थी। हम आपको बताने जा रहे हैं कि विमान हादसे में बचे रमेश की हालत अब कैसी है।

vishwas kumar ramesh- India TV Hindi
Image Source : PTI विश्वास कुमार रमेश एकमात्र यात्री थे, जो प्लेन क्रैश में जीवित बचे हैं।

दीव: कई लोग मानते हैं कि पिछले महीने की 12 तारीख को अहमदाबाद में एयर इंडिया के दुर्घटनाग्रस्त विमान में बचे एकमात्र यात्री विश्वास कुमार रमेश सबसे भाग्यशाली हैं, लेकिन वह स्वयं इस भयावह सदमे से उबरने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। रमेश के रिश्ते के भाई ने बताया कि अब वह इस दर्दनाक अनुभव से उबरने के लिए साइकेट्रिस्ट (मनोचिकित्सक) की मदद ले रहे हैं।

प्लेन क्रैश में भाई को खो चुके हैं विश्वास

लंदन जाने वाला बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक 40 वर्षीय विश्वास एकमात्र यात्री थे, जो जीवित बचे हैं। उनके भाई अजय विमान सवार उन 241 लोगों में शामिल थे जो जमीन पर 19 अन्य लोगों के साथ जान गंवा बैठे।

कब लौटेंगे लंदन?

रमेश के रिश्ते के भाई सनी ने बताया कि दुर्घटना स्थल के दृश्य, चमत्कारिक तरीके से बचने और भाई की मृत्यु की भयावह तस्वीर अब भी उन्हें परेशान कर रही है। उन्होंने बताया, ‘‘विदेश में रहने वाले हमारे रिश्तेदारों समेत कई लोग विश्वास का हालचाल जानने के लिए हमें फोन करते हैं। लेकिन वह किसी से बात नहीं करते। वह अब भी दुर्घटना और अपने भाई की मौत के मानसिक आघात से उबर नहीं पाये हैं।’’ सनी ने कहा, ‘‘वह अब भी आधी रात को जाग जाते हैं और उन्हें दोबारा सोने में दिक्कत होती है। हम उन्हें इलाज के लिए एक मनोचिकित्सक के पास ले गए थे। उन्होंने अब तक लंदन लौटने की कोई योजना नहीं बनाई है क्योंकि उनका इलाज अब शुरू हुआ है।’’

Image Source : ptiभाई की शव यात्रा में शामिल हुए थे विश्वास कुमार रमेश।

भाई के अंतिम संस्कार में हुए थे शामिल

रमेश को 17 जून को अहमदाबाद सिविल अस्पताल से छुट्टी दी गई थी। उसी दिन, उनके भाई अजय का पार्थिव शरीर डीएनए मिलान के बाद परिवार को सौंपा गया था। रमेश और अजय, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव केंद्र शासित प्रदेश के अंतर्गत आने वाले दीव में अपने परिवार से मिलने के बाद एयर इंडिया की उड़ान से लंदन लौट रहे थे। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में उन्हें 18 जून को अपने भाई के पार्थिव शरीर को कंधे पर उठाकर दीव स्थित श्मशान घाट ले जाते हुए देखा जा सकता है। दुर्घटना के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अस्पताल में रमेश से मुलाकात की थी और उनका हालचाल पूछा था। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

एयर इंडिया प्लेन क्रैश में जिंदा बचे रमेश विश्वास कुमार, इन लोगों के साथ भी हो चुका है ऐसा चमत्कार

Air India CEO का धमाकेदार खुलासा! प्लेन क्रैश से जुड़ी अंदर की बातें आईं सामने, दी ये अहम जानकारियां