A
  1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. दिल्ली की खराब हवा में सांसों के साथ आंखों का भी हुआ बुरा हाल, आपको भी हो रही है ये समस्याएं तो संभल जाएं

दिल्ली की खराब हवा में सांसों के साथ आंखों का भी हुआ बुरा हाल, आपको भी हो रही है ये समस्याएं तो संभल जाएं

वायु प्रदूषण से न सिर्फ सांस लेने में दिक्कत हो रही है, बल्कि आंखों में जलन, सूखापन और एलर्जी जैसी समस्याएं भी बढ़ गई हैं। ऐसे में चलिए जानते हैं आंखों का बचाव कैसे करें?

आँखों को वायु प्रदूषण से कैसे बचाएँ,- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK आँखों को वायु प्रदूषण से कैसे बचाएँ,

दिल्ली की खराब हवा अब केवल फेफड़ों तक ही सीमित समस्या नहीं रह गई है, बल्कि इसका सीधा असर आंखों की सेहत पर भी देखने को मिल रहा है। बढ़ता वायु प्रदूषण, स्मॉग और हवा में मौजूद सूक्ष्म कण आंखों में जलन, लालिमा और असहजता जैसी परेशानियों को तेजी से बढ़ा रहे हैं। खासकर सर्दियों के मौसम में जब प्रदूषण का स्तर अधिक होता है, तब आंखों से जुड़ी समस्याएं आम हो जाती हैं। ग्वालियर में स्थित रतन ज्योति नेत्रालय के संस्थापक एवं निदेशक डॉ. पुरेंद्र भसीन, से जानते हैं ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए?

बढ़ गई हैं आंखों की ये परेशानियां

खराब हवा में मौजूद धूल, धुआं और केमिकल पार्टिकल्स आंखों की सतह पर जमा होकर उन्हें नुकसान पहुंचाते हैं। इससे आंखों में जलन, खुजली, पानी आना और भारीपन महसूस होना शुरू हो जाता है। कई लोगों को ऐसा लगता है जैसे आंखों में रेत चली गई हो। लंबे समय तक प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से ड्राई आई सिंड्रोम की समस्या भी बढ़ सकती है, जिसमें आंखों में नमी कम हो जाती है।

इन लोगों पर होता है सबसे ज़्यादा असर

प्रदूषण का असर उन लोगों पर ज्यादा देखा जा रहा है जो रोजाना बाहर निकलते हैं, जैसे ऑफिस जाने वाले, ट्रैफिक पुलिस, डिलीवरी कर्मचारी और बच्चे। बच्चों और बुजुर्गों की आंखें ज्यादा संवेदनशील होती हैं, इसलिए उनमें एलर्जी, कंजक्टिवाइटिस और आंखों के इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ जाता है। अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो ये समस्याएं आगे चलकर नजर कमजोर होने की वजह भी बन सकती हैं

लापरवाही पड़ सकती है भारी

अगर आपको भी आंखों में लगातार जलन, लालिमा, धुंधला दिखना या बार-बार पानी आना जैसी शिकायतें हो रही हैं, तो इसे नजरअंदाज करना ठीक नहीं है। ये संकेत बताते हैं कि आपकी आंखें खराब हवा से प्रभावित हो रही हैं। बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी आई ड्रॉप का लंबे समय तक इस्तेमाल करना नुकसानदायक हो सकता है।

इन उपायों से आंखों को बचाएं

  • खराब हवा के प्रभाव से आंखों को बचाने के लिए कुछ सावधानियां अपनाना जरूरी है।

  • बाहर निकलते समय चश्मा पहनें ताकि धूल और धुएं से आंखों की सुरक्षा हो सके।

  • घर लौटने के बाद आंखों को साफ पानी से धोना फायदेमंद होता है।

  • स्क्रीन टाइम कम रखें और आंखों को बार-बार आराम दें।

  • पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और संतुलित आहार लेना भी आंखों की सेहत के लिए जरूरी है।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Latest Health News