बदलते लाइफ स्टाइल और खान पान की वजह से लोगों का शरीर बीमारियों का घर बनते जा रहा है। डायबिटीज भी लाइफ स्टाइल से जुड़ा डिजीज है। इस बीमारी से ग्रसित मरीज़ों को अपने खान-पान का विशेष तौर पर ध्यान रखना होता है। डायबिटीज के मरीजों को हमेशा कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाला भोजन करने की सलाह दी जाती है। दरअसल अधिक ग्लाईसेमिक इंडेक्स वाली डायबिटीज रोगियों के लिए हानिकारक है। ऐसे में वे अक्सर दुविधा में रहते हैं कि क्या खाया जाए कि ब्लड शुगर कंट्रोल से बाहर न हो जाए। ऐसे में किनोवा ऐसा अनाज है जिसका सेवन डायबिटीज के रोगी बेहिचक कर सकते हैं। किनोवा डायबिटीज के साथ कई बीमारियों में भी बेहद कारगर है। चलिए आपको बताते हैं किनोवा क्या है और इसका सेवन कैसे किया जाता है।
क्या है किनोवा?
किनोवा ‘केनोपोडियम क्विनोवा’ नाम के पौधे का बीज है। इस अनाज में नौ तरह के एमिनो एसिड पाए जाते हैं जो आपके शरीर के लिए बेहद फायदेमंद हैं। इसमें फाइबर बहुत ज़्यादा मात्रा में पाया जाता है। क्विनोआ में कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स लगभग 53 के आसपास होता है, जो इसे डायबिटीज के मरीज़ों के लिए बेहतर बनाता है। यह आपको लंबे समय तक भरा रखता है जो आपके रक्त शर्करा के स्तर को बढ़ने से रोकता है।
इन समस्याओं में भी फायदेमंद है किनोवा
-
कोलेस्ट्रॉल करे कम: बैड कोलेस्ट्रॉल की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए यह अनाज संजीवनी बूटी के समान है। दरअसल, इसमें फाइबर की मात्रा ज्यादा होती है जो कोलेस्ट्रॉल को कन्ट्रोल करती है।
-
वजन होता है कम: अगर आपका वजन भी बहुत ज़्यादा बढ़ गया है तो इस अनाज का सेवन शुरू कर दें। वजन को मेंटेन करने के लिए कई बॉलीवुड एक्ट्रेसेस भी गेंहू की चपाती की जगह इसकी रोटियां खाती हैं। सुबह इसका सेवन करने से वजन भी कम होता है।
-
कमजोर मेटाबॉलिज्म होता है मजबूत: कमजोर मेटाबॉलिज्म से आपका शरीर कई बीमारियों का घर बन जाता है। कमजोर मेटाबॉलिज्म की वजह से खाना ठीक से नहीं पचता जिससे अपच की समस्या होती है। इसके अलावा मोटापा जोड़ों में सूजन आदि कई समस्याएं होती हैं। किनोवा को खाने से शरीर में मेटाबॉलिज्म बढ़ता है और ये श्रोर को सेहतमंद रखता है।
-
हड्डियों के लिए फ़ायदेमंद: अगर आपकी हड्डियां कमजोर हैं और उनमे हमेशा दर्द रहता है तो आपको किनोवा का सेवन करना चाहिए। इसमें पौटेशियम, कैल्श्यिम, मैग्नीशियम और अन्य विटामिन भरपूर मात्रा में पाए जाते है। जिससे दांतों और हड्डियों को बेहद फायदा होता है।
कैसे करें इसका सेवन?
यूं तो किनोवा को आप कभी भी खा सकते हैं लेकिन बेहतर परिणाम के लिए सुबह के समय इसका सेवन करना चाहिए। किनोवा को आप खिचड़ी, दलिया के रूप में भी खा सकते हैं। इसके आटे से फ्लेक्स और बिस्किट, उपमा बनाकर खाया जा सकता है।
(ये आर्टिकल सामान्य जानकारी के लिए है, किसी भी उपाय को अपनाने से पहले डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें)
Latest Health News