गर्मी के मौसम में चिलचिलाती धूप के कारण बॉडी डिहाइड्रेट होने लगती है ऐसे में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बहुत जरुरी है। साथ ही इस मौसम में अपच की समस्या भी बनी रहती है। आशा आयुर्वेदा की डायरेक्टर और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ चंचल शर्मा ने बताया कि कुछ ऐसे हेल्थी ड्रिंक्स है जिसके सेवन से गर्भवती महिलाओं को इस गर्मी में बहुत लाभ मिलेगा। प्रेगनेंसी का समय महिलाओं के लिए बहुत क्रिटिकल होता है। ऐसे नाजुक समय में गर्भवती महिलाएं जो भी खाती हैं उसका असर गर्भ में पल रहे बच्चे पर भी पड़ता है।
दरअसल, बच्चे का संपूर्ण विकास इसी बात पर निर्भर करता है कि गर्भवती महिला क्या खाती पीती है। इसलिए प्रेगनेंसी के दौरान महिलाओं को प्रचुर मात्रा में सभी पोषक तत्व, विटामिन्स, मिनरल्स, आदि का सेवन करना चाहिए। प्रेगनेंसी में महिलाओं को पेट से जुडी कई समस्याएं होती हैं ऐसे में उन्हें भरपूर पानी पीना चाहिए। बॉडी को हाइड्रेटेड रखने से आप कब्ज और अन्य कई रोगों से बचाव कर सकते हैं।
इन ड्रिंक्स का करें सेवन:
-
नींबू पानी: गर्मी के मौसम में निम्बू पानी एक हेल्थी ड्रिंक के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके सेवन से गर्भवती महिलाओं को उल्टी जैसी समस्या से भी राहत मिलती है। यह ड्रिंक आपके शरीर को हाइड्रेशन प्रदान करता है और टॉक्सिन को शरीर से बाहर निकालता है।
-
लो फैट मिल्क: महिलाओं को प्रेगनेंसी के दौरान कई तरह के पोषक तत्वों की जरुरत होती है जिसके लिए आप दूध का सेवन कर सकती हैं। दूध में पाए जाने वाला कैल्शियम, आयरन और विटामिन डी एक गर्भवती महिला के लिए बेहद आवश्यक है। इसके नियमित सेवन से आपकी मांसपेशियां और हड्डी मजबूत रहते हैं।
-
गाजर का जूस: गाजर में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट गुण पाया जाता है जो किसी गर्भवती महिला की त्वचा और बालों के लिए बहुत लाभदायक होता है। इसलिए गर्भवती महिलाएं गाजर के जूस का सेवन कर सकती हैं। इससे आपकी बॉडी भी हाइड्रेटेड रहेगी।
-
पुदीने का पानी: गर्मी के मौसम में पुदीने का पानी बहुत लाभप्रद होता है। इसे तैयार करने के लिए आप ताजा पुदीना का पत्ता ले और उसे पीसकर उसकी चटनी बना लें और फिर उसे पानी में मिलाकर उसका जूस तैयार कर लें। इस ड्रिंक के नियमित सेवन से आपके पेट की गर्मी कम होगी और गर्भवती महिलाओं को जी मिचलाने जैसी समस्या में राहत मिलेगी।
-
खीरे का जूस: गर्मी के मौसम में खीरा खाने का पुराना चलन है, क्यूंकि खीरे में कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं जैसे कॉपर, पोटैशियम, विटामिन ए, इलेक्ट्रोलाइट्स, आदि। खीरे के जूस शरीर में पानी की कमी नहीं होती है और कूलिंग इफ़ेक्ट के कारण शरीर ठंडा भी रहता है।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
Latest Health News