नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के कुछ छात्रों के लिए राजनाथ सिंह एक राहत पहुंचाने वाले मददगार साबित हुए। ये छात्र राजस्थान में अपनी पढ़ाई कर रहे हैं और उन्हें कुछ दिक्कतें थीं, जिनका समाधान गृहमंत्री ने करवा दिया। बताया जा रहा है कि इन छात्रों को सरकारी छात्रवृत्ति का फायदा लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था और इससे जुड़ी खबर देखने के बाद राजनाथ सिंह ने मामले का संज्ञान लिया।
ये भी पढ़ें:
जम्मू-कश्मीर के छात्रों की दिक्कत के बारे में जानने के बाद गृहमंत्री ने राजस्थान के शिक्षा मंत्री से बात की। उन्होंने प्रधानमंत्री की विशेष छात्रवृत्ति योजना का फायदा लेने संबंधित इन छात्रों की समस्या का समाधान करने के लिए कहा। श्रीनगर, जम्मू और लद्दाख से ताल्लुक रखने वाले ये छात्र जयपुर स्थित ज्ञान विहार विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे हैं।
इस मामले के बारे में जानकारी देते हुए गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया, ‘खबर सुनने के बाद गृहमंत्री ने राजस्थान के शिक्षा मंत्री से बात की और कुछ छात्रों का फोन नंबर लिया। उनसे बातचीत करने के बाद पता चला कि प्रधानमंत्री की विशेष छात्रवृत्ति योजना का फायदा लेने में उनको कुछ दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।’
अधिकारी ने कहा, ‘सिंह ने संबंधित मंत्री से सोमवार, 5 सितंबर तक इनकी दिक्कत को दूर करने करने के लिए कहा है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे दिल्ली में उनसे 6 सितम्बर को मुलाकात करें।’ हाल ही में गृह मंत्रालय ने जम्मू-कश्मीर के लोगों की मदद के लिए एक चौबीसों घंटे चालू रहनेवाली शिकायत निवारण हेल्पलाइन लगवाई है।
इस हेल्पलाइन पर खासतौर पर राज्य से बाहर पढ़नेवाले छात्रों की समस्याएं सुलझाई जाती हैं। शिकायतों को 011-23092923 या 011-23092885 नंबरों पर फोन करके दर्ज कराया जा सकता है या dirmjk-mha@nic.in पर मेल भी किया जा सकता है। इस काम के लिए मंत्रालय ने डायरेक्टर संजय रॉय (मीडिया) को चुना है।
Latest India News