1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. घाटी में अशांति के बीच श्रीनगर के पुलिस अधिकारी ने पीओके की लड़की से किया निकाह

घाटी में अशांति के बीच श्रीनगर के पुलिस अधिकारी ने पीओके की लड़की से किया निकाह

 Written By: Bhasha
 Published : Sep 03, 2016 06:46 am IST,  Updated : Sep 03, 2016 06:46 am IST

कश्मीर के एक युवा पुलिस अधिकारी ने पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीैर (पीओके) की एक लड़की के साथ निकाह किया है। यह विवाह ऐसे वक्त में हुआ है जब पूरी घाटी में पाकिस्तान के समर्थन में प्रदर्शन हो रहे हैं।

PoK girl- India TV Hindi
PoK girl

श्रीनगर: कश्मीर के एक युवा पुलिस अधिकारी ने पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीैर (पीओके) की एक लड़की के साथ निकाह किया है। यह विवाह ऐसे वक्त में हुआ है जब पूरी घाटी में पाकिस्तान के समर्थन में प्रदर्शन हो रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर पुलिस के उपनिरीक्षक ओवैस गिलानी ने पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में मुजफ्फराबाद निवासी फैजा गिलानी से निकाह किया। घाटी में अशांति के कारण दूल्हे के करीबी रिश्तेदारों और मित्रों ने ही विवाह समारोह में हिस्सा लिया।

घाटी में लगभग दो महीने से जारी अशांति और पुलिस द्वारा लगातार झेले जा रहे हमलों के बीच एक होटल में यह निकाह हुआ। दोनों परिवार एक-दूसरे के रिश्तेदार हैं, लेकिन विभाजन के दौरान अलग हो गए थे। निकाह से संबंधित समारोह 2014 में मुजफ्फराबाद में किया गया था जब दुल्हे के पिता सबीर गिलानी श्रीनगर से मुजफ्फराबाद चलने वाली ‘कारवां-ए-अमन’ बस सेवा से अपने रिश्तेदारों से मिलने पीओके गए थे।

पुलिस विभाग से 2014 में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद से सेवानिवृत हुए सबीर गिलानी ने कहा, ‘‘विवाह समारोह को मौजूदा परिस्थितियों के कारण कई बार रद्द करना पड़ा क्योंकि सीमा पार जाने वाली बस-सेवा कई दिनों के लिए निलंबित रही। अंतत: जब बस सेवा शुरू हुई तो दुल्हन और उसके करीबी रिश्तेदार समारोह के लिए सोमवार को यहां पहुंचे।’’

ओवैस और फैजा का निकाह मंगलवार को कराया गया। फैजा इस्लमाबाद के नेशनल यूनिविर्सिटी ऑफ मॉर्डन लैंग्वेज में शिक्षा, योजना एवं प्रबंधन विषय में स्नातकोत्तर की छात्रा हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत