1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बाइक से गिरी, गर्दन के ऊपर से गुजरी गाड़ी; बेंगलुरु में गड्ढे से बचने की कोशिश में EPFO कर्मचारी मेधा की मौत

बाइक से गिरी, गर्दन के ऊपर से गुजरी गाड़ी; बेंगलुरु में गड्ढे से बचने की कोशिश में EPFO कर्मचारी मेधा की मौत

बेंगलुरु में खराब सड़क के कारण बाइक से गिरकर 32 वर्षीय EPFO कर्मचारी मेधा की दर्दनाक मौत हो गई। मेधा ऑफिस जा रही थी तभी व्यस्त इलेक्ट्रॉनिक सिटी इलाके में अनंतनगर में उनकी बाइक फिसल गई।

मृतका की फाइल फोटो।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतका की फाइल फोटो।

कर्नाटक के बेंगलुरु में एक दुखद सड़क हादसे में, मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर बने गड्ढे से बचने की कोशिश की में यह हादसा हुआ। यह घटना बेंगलुरु के बाहरी इलाके में आनेकल तालुक के हेब्बगोडी के पास अनंतनगर में हुई। मरने वाली महिला की पहचान केरल की रहने वाली 32 वर्षीय मेधा के रूप में हुई है, जो इलेक्ट्रॉनिक सिटी में प्रोविडेंट फंड ऑफिस में काम करती थीं।

मेधा मूलरूप से केरल को कोझिकोड (बालुस्सेरी) की रहने वाली थीं और बेंगलुरु में ईपीएफओ में कार्यरत थीं। मेधा के परिवार में उनके पति एस. एल. आकर्ष और 3 साल का बेटा दक्ष है। 

कैसे हुआ हादसा?

यह दुर्घटना अनंतनगर मेन रोड पर मंगलवार सुबह करीब 9 बजे हुई, जब मेधा अपने दोस्त और सहकर्मी अजय गुरु के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर जा रही थीं। खबरों के मुताबिक, आगे चल रही एक कार के ड्राइवर ने गड्ढे से बचने की कोशिश में अचानक ब्रेक लगाया। अचानक ब्रेक लगाने की वजह से कार के पीछे चल रही मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया। पीछे बैठी मेधा सड़क पर गिर गईं। उसी समय, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक मालवाहक गाड़ी मेधा की गर्दन के ऊपर से गुजर गई, जिससे बहुत ज्यादा खून बहने लगा। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

Image Source : reporter inputस्थानीय लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर मेधा को श्रद्धांजलि दी।

नाराज लोगों ने जाम कर दी सड़क

हादसे की खबर फैलने के बाद, नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दी और अपना गुस्सा जाहिर किया। हादसे के बाद, मेधा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सेंट जॉन्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया और फिर केरल में उनके गृहनगर भेजा गया।

स्थानीय लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। लोगों ने घटना स्थल पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि इलेक्ट्रॉनिक सिटी और आसपास के इलाकों की सड़कें बहुत खराब हालत में हैं और उनमें बहुत सारे गड्ढे हैं। उन्होंने मांग की कि संबंधित अधिकारी तुरंत इस समस्या पर ध्यान दें और सड़कों की मरम्मत करवाएं।

पुलिस ने क्या कहा?

हेब्बगोडी पुलिस ने घटना स्थल का दौरा किया और जांच-पड़ताल की। ​​पुलिस ने सड़क की खराब स्थिति को स्वीकार करते हुए स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच में अचानक ब्रेक लगाने को दुर्घटना का तात्कालिक कारण बताया गया है। पुलिस ने बताया कि वहां मौजूद किसी भी व्यक्ति ने मालवाहक गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट नहीं किया। एक अधिकारी ने आगे कहा, "हम आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रहे हैं।"

इलेक्ट्रॉनिक सिटी ट्रैफिक पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, आपको बता दें कि इन दिनों बेंगलुरु शहर के पैदल पथ की बदहाली को उजागर करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। एक व्यक्ति ने बेंगलुरु के फुटपाथों की स्थिति दिखाते हुए सवाल किया कि खंभों, साइकिलों, दुकानों और अन्य अवरोधों से भरे इन रास्तों पर एक आम व्यक्ति को चलना कहां चाहिए। 

यह भी पढ़ें-

'खाई में गिरने से कैसे मौत होगी', बेंगलुरु में ट्रेकिंग से गायब हुए अद्वैत की सर्च हिस्ट्री से बढ़ा सस्पेंस

बेंगलुरु में रॉन्ग साइड ड्राइव करने वालों से तंग आया शख्स, ऑटो ड्राइवर की हरकत देख चढ़ गया पारा, मंगवाई माफी

Latest India News