अकेले ट्रेकिंग पर गए बेंगलुरु के मिसिंग टेक प्रोफेशनल की मौत की संभावना जताई जा रही है। बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस के अनुसार ड्रोन से ली गई तस्वीरों में घने जंगल के बीच उस जगह एक मानव शरीर दिखाई दे रहा है, जहां से ये टेक प्रोफेशनल लापता हो गया था। पांच दिन से अद्वैत उपाध्याय का पता नहीं चल पाया है। सिर्फ शोल्डर बैग और स्वेटर मिले हैं। ऐसे में कई तरह की आशंका व्यक्त की जा रही है।
ये है पूरा मामला
इंदौर के 31 साल के टेक प्रोफेशनल अद्वैत उपाध्याय 7 अगस्त शुक्रवार को बेंगलुरु ग्रामीण इलाके में शिवगंगे पहाड़ी पर अकेले ट्रेकिंग के लिए निकले थे और तब से लापता हैं। IIT से पढ़े और साइबर सिक्योरिटी प्रोफेशनल अद्वैत व्हाइटफील्ड की एक फाइनेंस कंपनी में काम करते हैं और कडुगोडी में रहते हैं। CCTV फुटेज में उन्हें सुबह करीब 7:30 बजे शिवगंगा पहुंचते और ट्रेकिंग शुरू करते हुए देखा गया। उनके दोपहर तक लौटने की उम्मीद थी, लेकिन वे नहीं लौटे।
रेंट पर ली थी बाइक, पहाड़ी की तलहटी में खड़ी मिली
शिवगंगे पहाड़ी पर जाने के लिए उन्होनें मोटरसाइकिल रेंट पर ली थी जो पहाड़ी की तलहटी में खड़ी मिली। लेकिन अद्वैत के बारे में अभी तक कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन का आखिरी सिग्नल कुनिगल रोड के कुदुरू इलाके में ट्रेस किया है, जो शिवगंगे के आम ट्रेकिंग रूट से अलग है। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। रविवार को सर्च अभियान के दौरान शांतला प्वाइंटर पर अद्वैत उपाध्याय का शोल्डर बैग और स्वेटर मिला है।
ड्रोन टीमों को दिखी इंसानी शरीर जैसी चीज
तलाशी अभियान के दौरान, ड्रोन टीमों को खतरनाक 'शांतला ड्रॉप' के नीचे घनी झाड़ियों में इंसानी शरीर जैसी कोई चीज दिखाई दी। हालांकि, बचाव दल अभी तक उस जगह तक नहीं पहुंच पाए हैं और यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि वह चीज अद्वैत का शव है या नहीं। पुलिस, NDRF, SDRF और वन विभाग के लगभग 100 कर्मचारी इस बड़े तलाशी अभियान में शामिल हैं। वे पहाड़ी और आसपास के इलाकों की छानबीन के लिए ड्रोन और ज़मीनी टीमों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
'ऊंचाई से खाई में गिरने से कैसे मौत होगी'
पुलिस कई संभावनाओं की जांच कर रही है। जांचकर्ता अद्वैत के लैपटॉप की ब्राउज़िंग हिस्ट्री भी देख रहे हैं, जिसमें कथित तौर पर शिवगंगा, शांतला ड्रॉप और बेंगलुरु के पास आत्महत्या से जुड़ी जगहों के बारे में की गई सर्च शामिल है। लैपटॉप में कुछ सर्च हिस्ट्री मिली है, जिससे परिवार आशंकित है। अद्वैत उपाध्याय ने AI से पूछा कि ऊंचाई से खाई में गिरने से कैसे मौत होगी।
हालांकि पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है और तलाशी अभियान जारी है।
मंगेतर को भेजी आखिरी सेल्फी
मूल रूप से इंदौर निवासी और फिलहाल बेंगलुरु के मैत्री लेआउट में रह रहे अद्वैत उपाध्याय का भोपाल की एक युवती से कनेक्शन सामने आया है। पुलिस जांच में युवती ने खुद को उसकी मंगेतर बताया है। पुलिस ने लापता इंजीनियर के घर से लैपटॉप और अन्य उपकरणों को जांच में शामिल किया है। पुलिस जांच में ये बात भी सामने आई कि शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे अद्वैत ने मंगेतर प्राप्ति चौहान को वीडियो कॉल कर फोटो भी भेजी थी। दोपहर 1 बजे बाद मोबाइल का संपर्क टूट गया और शाम 5 बजे फोन बंद हो गया।
वहीं, आपको बता दें कि ऐसी ही एक अन्य घटना बिहार की राजधानी पटना से सटे दानापुर से सामने आई है। केंद्रीय विद्यालय खगौल की 10वीं कक्षा की एक छात्रा सोमवार को स्कूल से छुट्टी के बाद रहस्यमयी ढंग से गायब हो गई। रेलवे ट्रैक पर स्कूल यूनिफॉर्म और बैग मिला है।
यह भी पढ़ें-
उज्जैन महाकाल दर्शन को जा रहे थे, रास्ते में ही मां-बेटे-बहू की मौत, खड़े डंपर में घुसी कार; 2 बच्चे सुरक्षित
जुलाई में शादी, अगस्त में मौत! नोएडा में 16वीं मंजिल से कूदी 24 साल की नवविवाहिता, कई दिनों से डिप्रेशन में थी
Latest India News