दक्षिण कन्नडा: कर्नाटक के दक्षिण कन्नडा जिले से एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है। यहां राज्य परिवहन निगम की बस से दो लड़कियां अचानक बाहर गिर गईं। गनीमत रही कि KSRTC की तेज रफ्तार बस से बाहर गिरने के बाद दोनों बहनें बाल-बाल बच गईं। हादसे की पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें दोनों छात्राओं को बस से गिरते हुए देखा जा सकता है। दोनों छात्राएं आपस में बहन हैं। फिलहाल दोनों बहनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनका इलाज चल रहा है।
दरवाजा खुलने से बाहर गिरी बहनें
जानकारी के मुताबिक ये हादसा बेल्थंगडी तालुक के रेशमे रोड पर हुआ। दोनों बहनों ने गेरुकट्टे से बस पकड़ी थी और वे पुत्तूर से धर्मस्थला की ओर जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बस रेशमे रोड पर एक शार्प मोड़ के पास पहुंची तो, उसका हाइड्रोलिक दरवाजा अचानक खुल गया। अचानक बस का दरवाजा खुलने की वजह से बड़ी बहन, जो फुटबोर्ड के पास खड़ी थी वह अपना संतुलन खो बैठी और बस से बाहर जा गिरी। वहीं उसे बचाने की कोशिश में, छोटी बहन ने भी उसका हाथ पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भी चलती हुई बस से बाहर गिर गई।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
ये खौफनाक पल पास लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बस थोड़ी दूर और चलने के बाद रुकती है, लेकिन तब तक दोनों लड़कियां तेजी से सड़क पर जा गिरती हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों बहनों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने बताया कि लड़कियों को कई जगह खरोंचें और मामूली चोटें आई हैं, लेकिन अब वे खतरे से बाहर हैं और ठीक हो रही हैं। इस घटना के बाद KSRTC बसों के खराब रखरखाव को लेकर स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है।
यह भी पढ़ें-
VIDEO: CM योगी की मां पर विवादित टिप्पणी करने वाले मौलाना ने हाथ जोड़कर मांगी माफी, जानें क्या कहा
Latest India News