1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. 72 किलो की महिला ने घटाया 23 Kg वजन, बिगड़ी आदतों को सुधारने से हुआ बड़ा बदलाव, आप भी अपना सकते हैं

72 किलो की महिला ने घटाया 23 Kg वजन, बिगड़ी आदतों को सुधारने से हुआ बड़ा बदलाव, आप भी अपना सकते हैं

वजन घटाने के लिए डाइट और एक्सरसाइज के साथ कुछ आदतों में बदलाव करना भी जरूरी होता है। फिटनेस ट्रेनर शिखा सुराना ने अपनी कुछ आदतों को बदलकर 23 किलो वजन कम किया है। कभी 72 किलो की शिखा अब 49 किलो वजन पर आ चुकी हैं। आप भी इन आदतों को अपनाकर वजन घटा सकते हैं।

वजन घटाने वाली आदतें- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV वजन घटाने वाली आदतें

वजन घटाने के लिए लोग डाइटिंग करने, जिम जाने, व्यायाम करने और फास्टिंग करने की सलाह तो देते हैं लेकिन कोई आदतें बदलने की बात नहीं कहता है। जबकि आपकी कुछ गलत आदतें मोटापा का कारण हो सकती हैं। फिटनेस ट्रेनर शिखा सुराना ने इंस्टाग्राम पर अपनी वेट लॉस जर्नी शेयर करते हुए बताया कि कुछ आदतों को बदलकर उन्होंने 23 किलो वजन कम किया है। शिखा का वजन कभी 72 किलो हुआ करता था और अब वो 49 किलो की हो चुकी हैं। इसके लिए उन्होंने कोई नई चीज नहीं की सिर्फ उन आदतों को छोड़ा जो चुपचाप उनके वजन घटाने के खिलाफ काम कर रही थीं।

फिटनेस एक्सपर्ट शिखा ने उन आठ आदतों के बारे में बताया जिन्हें बदलकर उन्होंने न सिर्फ अपनी लाइफस्टाइल को सुधारा है बल्कि वजन भी कम किया है। इसमें कोई क्रैश डाइट, डिटॉक्स टी या कोई भी शॉर्टकट तरीका शामिल नहीं था। बल्कि ऐसा तरीका अपनाया जो लंबे समय कर उनकी लाइफस्टाइल का हिस्सा बना रह सकता है।

वजन घटाने के लिए बदलें आदत

नाश्ता न करना- सबसे पहले नाश्ता न करने की आदत को छोड़ दें। सुबह का नाश्ता न करने से दिन में बाद में बहुत भूख लगती है। शिखा ने बताया कि वो पहले खुद को भूखा रखती थीं, जिससे मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता था और फिर रात में सब कुछ खा लेती थी। अब उन्होंने रात का खाना छोड़ना भी बंद कर दिया। सुबह उठने के एक घंटे के भीतर खाना शुरू कर दिया।

कैलोरी वाले ड्रिंक पीना- दूसरा बदलाव पीने वाली आदतों में किया जिसमें जूस, चीनी वाली चाय और कोल्ड कॉफी पानी छोड़ दिया है। ये चीजें शरीर में अतिरिक्त कैलोरी बढ़ाती हैं। इसकी जगह पानी, ब्लैक कॉफी और सादा चाय पीना शुरू कर दिया।

हेल्दी चीजों को गलत मात्रा में खाना- शिखा को यह भी एहसास हुआ कि जब खाने की मात्रा पर ध्यान नहीं दिया जाता है तो हेल्दी चीजें भी एक समस्या बन सकती है। मखाना, सूखे मेवे और पीनट बटर जैसे चीजें उसकी दिनचर्या का हिस्सा थे, लेकिन ज्यादा मात्रा में इन चीजों का सेवन भी कैलोरी बढ़ाता है। इसलिए इस आदत को सुधार लें कि हेल्दी है तो कितना भी खा सकते हैं।

केवल कार्डियो, वेट ट्रेनिंग बिल्कुल नहीं- लंबे समय तक कार्डियो ही उनकी फिटनेस दिनचर्या का प्रमुख हिस्सा रहा। शिखा ने बताया कि मैं ट्रेडमिल पर घंटों बिताती थी। जब मैंने वेट लिफ्टिंग शुरू की तभी मेरे शरीर में असल बदलाव आना शुरू हुआ।

कम सोना, अधिक तनाव- नींद की कमी भी एक ऐसी आदत थी जिसे बदलने के लिए उसने प्रयास किया।  शिखा के अनुसार, देर रात तक जागने से अक्सर तनाव का स्तर बढ़ जाता था, कोर्टिसोल का स्तर बढ़ जाता था और खाने की बहुत इच्छा होती थी। लेकिन अब वो 7-8 घंटे की नींद जरूर लेती हैं।

बाहर खाना खाना बंद- होटल या रेस्टोरेंट में खाने की आदत छोड़ दी हैं। भले ही आप हेल्दी चीजें खाएं या कम मात्रा में खाएं, लेकिन इन चीजों में कुछ ऐसे तत्व होते हैं जो आपको अनजाने में एक्स्ट्रा कैलोरी देते हैं। अब शिखा ज्यादातर समय घर का बना खाना ही खाती हैं।

सीमित मात्रा में खाना- शिखा ने कहा कि उन्हें ऐसा लगता था कि एक दिन जमकर खाने से कुछ नहीं होता, लेकिन एक बार की मौज-मस्ती पूरे दिन को बिगाड़ सकती है। इसलिए बाहर का खाएं या कुछ अनहेल्दी खा रहे हैं तो उसकी मात्रा ख्याल जरूर रखें। सीमित मात्रा में खाना उतना नुकसान नहीं करता जितना कि एक दिन भरपेट खाना। इसलिए सबकुछ खाएं लेकिन मात्रा का ध्यान रखें।

सकारात्मक और प्रेरणादायक महसूस करें- वजन घटाना एक दिन का काम नहीं है। इसके लिए लगातार और लंबे समय तक मेहनत करने की जरूरत होती है। इसलिए किसी सही दिन को चुनने की बजाय रोज सकारात्मक ऊर्जा से भरे रहें और अनुशासन के साथ खुद को मोटिवेट करें। अपना ध्यान केंद्रित करें और खुश रहना सीखें।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Latest Lifestyle News