1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. चांदी की पायल, बिछिया और अंगूठी साफ करने का आसान तरीका, मिनटों में चमक उठेंगी

चांदी की पायल, बिछिया और अंगूठी साफ करने का आसान तरीका, मिनटों में चमक उठेंगी

How To Clean Silver At Home: चांदी की चीजें रखे-रखे काली पड़ जाती हैं। पायल बिछिया और चांदी की अंगूठी काली हो जाएं तो दिखने में खराब लगती हैं। आप इन्हें कुछ आसान तरीकों से साफ कर सकते हैं। जानिए चांदी साफ करने के उपाय।

चांदी की पायल और बिछिया साफ करने के उपाय- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV चांदी की पायल और बिछिया साफ करने के उपाय

चांदी जब नई होती है तो एकदम साफ, चमकदार और सफेद होती है। लेकिन लगातार इस्तेमाल करने पर चांदी का रंग काला पड़ जाता है। महिलाओं के पैरों में पायल और बिछिया काले दिखने लगते हैं। कई बार हाथ में पहनी चांदी की अंगूठी भी एकदम ब्लैक दिखने लगती है। पसीना, धूल-मिट्टी, चिकनाई या साबुन जैसी चीजों से भी चांदी की चमक गायब हो जाती हैं। खारा पानी भी चांदी की चमक को कम कर देता है। इससे चांदी की चीजें काली पड़ जाती है। ऐसे में जरूरी है कि समय-समय पर चांदी को साफ करते रहें। चांदी को अच्छी तरह से साफ करने से इसका रंग काला नहीं पड़ता। चांदी को साफ करने के लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की भी जरूरत नहीं है। आप कुछ बड़े आसान और घरेलू उपायों से चांदी को चमका सकते हैं। ।

चांदी की पायल, बिछिया और अंगूठी साफ करने का तरीका

एल्युमिनियम फॉयल- इसके लिए एक बाउल लें और उसमें एल्युमिनियम फॉयल बिछा दें। अब इस बाउल में बेकिंग सोडा और नमक डाल दें। बाउल में गर्म पानी डालें और अपनी चांदी की पायल, बिछिया और दूसरे चांदी के गहने डाल दें। आपको इन्हें ऐसे डालना है कि गहने फॉयल को छूते रहें। करीब 10 मिनट के बाद इसे रगड़ लें। इसके बाद साफ पानी से गहनों को धो लें और कपड़े से पोंछ लें।

टूथपेस्ट- चांदी साफ करने के लिए टूथपेस्ट का इस्तेमाल भी असरदार साबित होता है। इसके लिए कोई नॉन-जेल टूथपेस्ट ले और उसे चांदी के गहनों पर लगाकर छोड़ दें। आप कोई सफेद टूथपाउडर भी ले सकते हैं। इसे चांदी पर रगड़कर साफ कर लें। गहनों पर लगाकर किसी पुराने टूथब्रश से हल्के हाथों से रगड़ें और पानी से धो लें। इससे चांदी चमक जाएगी।

सिरका और बेकिंग सोडा- काली पड़ चुकी चांदी की पायल और बिछिया को साफ करने के लिए आप सिरका और बेकिंग सोडा का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए 1 कप सिरका में 1 चम्मच बेकिंग सोडा मिक्स कर लें। इस घोल में पायल और बिछिया डालकर छोड़ दें। थोड़ी देर पड़ा रहने के बाद ब्रश की मदद से साफ कर लें। अब सूखे कपड़े से क्लीन कर लें।

 

Latest Lifestyle News