घर में खटमलों का होना एक आम समस्या है। ये छोटे-छोटे कीड़े रात में सोते समय न केवल काटते हैं, बल्कि खुजली, त्वचा पर लाल चकत्ते का भी कारण बन जाती है। खटमल बिस्तर, सोफे, कपड़ों और दीवारों की दरारों में बहुत तेजी से फैलते हैं। ऐसे में लोगों को समझ नहीं आता कि इससे कैसे छुटकारा पाया जाए। यदि आपके घर में भी खटमलों का आतंक बढ़ गया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आप कुछ आसान घरलेू नुस्खे अपनाकर खटमलों के आतंक से आसानी से छुटकारा पा सकते हैं।
1. उबलता पानी और तेज धूप
खटमल बहुत ज्यादा गर्मी सहन नहीं कर पाते हैं। बिस्तरों की चादरें, तकिए के कवर और पर्दों को उबलते हुए गरम पानी में धोएं। धोने के बाद गद्दों और तकियों को 2 से 3 दिनों तक तेज धूप में रखें। तेज धूप और गर्मी से खटमल और उनके अंडे पूरी तरह नष्ट हो जाते हैं।
2. बेकिंग सोडा
बेकिंग सोडा खटमलों के शरीर से नमी को सोख लेता है, जिससे वे सूखकर मरने लगते हैं। इसके लिए खटमलों के छिपने की जगहों, जैसे गद्दों के कोनों, दरारों और सोफे पर बेकिंग सोडा छिड़क दें। इसे 4-5 दिनों तक ऐसे ही रहने दें और फिर वैक्यूम क्लीनर से साफ कर लें। यह प्रक्रिया हफ्ते में दो बार दोहराएं।
3. नीम का तेल या नीम की पत्तियां
नीम में प्राकृतिक रूप से एंटी-बैक्टीरियल और कीटनाशक गुण होते हैं, जो खटमलों को दूर भगाने में बेहद असरदार हैं। इसके लिए पानी में नीम का तेल मिलाकर एक स्प्रे बोतल में भर लें और गद्दों व दरारों में स्प्रे करें। आप नीम की पत्तियों को उबालकर उसके पानी का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
4. लौंग और पुदीने का तेल
खटमलों को लौंग और पुदीने की तेज गंध बिल्कुल पसंद नहीं होती। इसके लिए एक कप पानी में 10-15 बूंदें पुदीने या लौंग के तेल की मिलाएं। इस मिश्रण को खटमल वाले इलाकों में स्प्रे करें। इसकी गंध से खटमल तुरंत भाग जाते हैं और नए अंडे भी नहीं पनपते।
5. सफेद सिरका
सिरके में मौजूद एसिड खटमलों को खत्म करने में मदद करता है। इसे इस्तेमाल करने के लिए सफेद सिरके को सीधे खटमल वाली जगहों और दरारों पर स्प्रे करें। इसकी तेज महक और एसिडिक नेचर की वजह से खटमल मरने लगते हैं।
Latest Lifestyle News