A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. टिफिन ढक्कन के रबर पर जम गई है गंदगी, इन आसान तरीकों से करें साफ

टिफिन ढक्कन के रबर पर जम गई है गंदगी, इन आसान तरीकों से करें साफ

टिफिन के ढक्कन पर लगी रबर में अक्सर खाना फंसने, नमी रहने या तेल के कारण काली गंदगी और फंगस जम जाती है। इसे साफ न किया जाए तो बीमारी का खतरा रहता है और टिफिन से बदबू आने लगती है। ऐसे में यहां हम टिफिन ढक्कन के रबर को साफ करने के आसान तरीके के बारे में बताने जा रहे हैं।

टिफिन ढक्कन के रबर पर जम गई है गंदगी, इन आसान तरीकों से करें साफ - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV टिफिन ढक्कन के रबर पर जम गई है गंदगी, इन आसान तरीकों से करें साफ

बच्चे हों या फिर बड़े टिफिन इनकी रोजमर्रा जिंदगी का एक हिस्सा बन चुकी है। बच्चे स्कूल टिफिन लेकर जाते हैं जबकि वर्किंग प्रोफेशनल ऑफिस। ऐसे में रोजाना इस्तेमाल होने वाली टिफिन की साफ सफाई का भी बेहद खास ध्यान रखने की जरूरत होती है। टिफिन के अंदर के हिस्से को तो हम रोजाना साफ करते हैं लेकिन टिफिन ढक्कन के रबर को हम सही से साफ नहीं करते। जिसकी वजह से इस पर गंदगी की मोटी परत जम जाती है। इस रबर में नमी के कारण धीरे-धीरे तेल, गंदगी और फंगस जमा होने लगते हैं। यह न सिर्फ दिखने में खराब लगता है, बल्कि सेहत के लिए भी नुकसानदेह है। ऐसे में लोगों को समझ नहीं आता कि इसे कैसे साफ किया जाए। अगर आपकी भी यही परेशानी है तो घबराने की जरूरत नहीं है। यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि टिफिन ढक्कन के रबर को कैसे साफ कर सकते हैं। 

1. बेकिंग सोडा और नींबू का पेस्ट
बेकिंग सोडा गंदगी और जिद्दी दागों को काटने के लिए सबसे बेस्ट माना जाता है। इसके लिए एक चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा सा नींबू का रस मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। टिफिन की रबर को ढक्कन से बाहर निकालें और इस पेस्ट को रबर पर अच्छी तरह लगा दें। 15-20 मिनट के लिए इसे ऐसे ही छोड़ दें, फिर एक पुराने टूथब्रश से रगड़कर साफ कर लें। गुनगुने पानी से धोने पर सारी गंदगी गायब हो जाएगी।

2. सफेद सिरका और गुनगुना पानी
सिरके में मौजूद एसिडिक गुण बैक्टीरिया, फंगस और टिफिन की बदबू को जड़ से खत्म कर देते हैं। एक कटोरी में गुनगुना पानी लें और उसमें 2 से 3 चम्मच सफेद सिरका मिलाएं। रबर को इस घोल में डालकर कम से कम 30 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद ब्रश से हल्का सा रगड़ें। रबर पर जमी काली परत और फंगस आसानी से छूट जाएगी।

3. डिशवॉश लिक्विड और गर्म पानी
अगर गंदगी बहुत ज्यादा पुरानी नहीं है, तो गर्म पानी का यह नुस्खा तुरंत काम करता है। इसके लिए एक बर्तन में थोड़ा गर्म पानी लें। इसमें कुछ बूंदें डिशवॉशिंग लिक्विड की डालें और झाग बना लें। इस पानी में रबर को 15 मिनट के लिए भिगो दें। बाद में ब्रश से कोनों की सफाई करें और साफ पानी से धो लें।

4. हाइड्रोजन पेरोक्साइड 
अगर रबर पर काले रंग की फंगस जम गई है जो सामान्य तौर पर नहीं छूट रही, तो हाइड्रोजन पेरोक्साइड का इस्तेमाल करें। रबर पर थोड़ा सा हाइड्रोजन पेरोक्साइड डालें या इसमें भिगोकर 10 मिनट रखें। यह फंगस को पूरी तरह खत्म कर देगा। बाद में इसे साबुन और पानी से अच्छी तरह धो लें।
 

Latest Lifestyle News