स्नेक प्लांट घर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ कम देखभाल में भी आसानी से बढ़ने वाला पौधा है। यही वजह है कि इसे इनडोर प्लांट के तौर पर काफी पसंद किया जाता है। हालांकि, अगर इसकी सही तरीके से केयर न की जाए तो पत्तियां पीली पड़ने या पौधे की ग्रोथ रुकने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर आप अपने स्नेक प्लांट को लंबे समय तक हरा-भरा और स्वस्थ रख सकते हैं
कैसे करें स्नेक प्लांट की देखभाल?
-
जरूरत के हिसाब से दें पानी: स्नेक प्लांट को बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती। मिट्टी की ऊपरी परत सूखी नजर आने पर ही पानी दें। बार-बार पानी देने से इसकी जड़ों में पानी जमा हो सकता है और रूट रॉट का खतरा बढ़ सकता है। खासतौर पर बारिश और सर्दियों में पानी देने के बीच थोड़ा ज्यादा अंतर रखें।
-
तेज धूप से बचाएं: स्नेक प्लांट कम रोशनी में भी रह सकता है, लेकिन इसकी अच्छी ग्रोथ के लिए ब्राइट इंडायरेक्ट लाइट बेहतर मानी जाती है। इसे ऐसी जगह रखें जहां पर्याप्त रोशनी आती हो, लेकिन दोपहर की सीधी तेज धूप पत्तियों पर न पड़े।
-
गमले में ड्रेनेज होल जरूरी: स्नेक प्लांट के लिए ऐसा गमला चुनें जिसमें नीचे पानी निकलने के लिए पर्याप्त छेद हों। गमले में पानी जमा रहने से जड़ें सड़ सकती हैं। मिट्टी भी ऐसी रखें जो पानी को आसानी से ड्रेन कर सके।
-
मिट्टी का रखें खास ध्यान: इस पौधे के लिए अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी इस्तेमाल करें। आप सामान्य पॉटिंग मिक्स में रेत, पर्लाइट या अन्य ड्रेनेज सामग्री मिला सकते हैं, ताकि मिट्टी में अतिरिक्त पानी जमा न हो।
-
पत्तियों की सफाई करें: समय-समय पर स्नेक प्लांट की पत्तियों पर जमी धूल को मुलायम और हल्के गीले कपड़े से साफ करें। इससे पत्तियां साफ रहेंगी और पौधा ज्यादा आकर्षक दिखाई देगा।
-
जरूरत से ज्यादा खाद न डालें: स्नेक प्लांट को बहुत ज्यादा खाद की जरूरत नहीं होती। ग्रोइंग सीजन में हल्की मात्रा में संतुलित खाद दी जा सकती है। ज्यादा खाद देने से पौधे को नुकसान पहुंच सकता है।
-
पीली या खराब पत्तियां हटा दें: अगर किसी पत्ती का रंग पूरी तरह पीला हो गया है या वह सड़ने लगी है, तो उसे साफ कैंची से काटकर हटा दें। इससे पौधे की ऊर्जा स्वस्थ हिस्सों में बनी रहने में मदद मिलती है। अगर, आपके घर में करी पत्ते का पौधा है और वह घना नहीं हो रहा है तो उसे घना बनाने के लिए इन टिप्स को फॉलो करें।
Latest Lifestyle News