इडली और डोसा साउथ इंडियन फूड होने के साथ अब लगभग हर घर के नाश्ते का हिस्सा बन चुके हैं। इन्हें बनाने के लिए सबसे जरूरी होता है बैटर का अच्छी तरह फर्मेंट होना। अगर बैटर सही तरीके से फर्मेंट न हो, तो इडली सॉफ्ट और स्पंजी नहीं बनती, जबकि डोसा भी मनचाहा क्रिस्पी नहीं हो पाता। खासकर सर्दियों में ठंडे मौसम की वजह से बैटर को फर्मेंट होने में ज्यादा समय लग सकता है। ऐसे में कई बार लोग बैटर को गर्म रखने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हैं। अगर आपके साथ भी ऐसी समस्या होती है तो शेफ पंकज भदौरिया का बताया एक आसान नुस्खा आपके काम आ सकता है। इस ट्रिक की खास बात यह है कि इसके लिए आपको बैटर में कोई महंगी या अलग सामग्री डालने की जरूरत नहीं है। आपको बस डंठल वाली एक हरी मिर्च की जरूरत होगी।
बैटर में डालें डंठल वाली हरी मिर्च
जब इडली-डोसा बैटर को फर्मेंट होने में बहुत ज्यादा समय लग रहा हो, तो इसमें डंठल समेत एक हरी मिर्च डाल दें। हरी मिर्च का इस्तेमाल आमतौर पर खाने का स्वाद और तीखापन बढ़ाने के लिए किया जाता है, लेकिन इसके डंठल से जुड़ी यह ट्रिक बैटर के फर्मेंटेशन में मदद कर सकती है। बताया जाता है कि हरी मिर्च के डंठल पर प्राकृतिक रूप से कुछ लैक्टिक एसिड बैक्टीरिया मौजूद हो सकते हैं। ये बैक्टीरिया फर्मेंटेशन की प्रक्रिया में भूमिका निभाते हैं। यही वजह है कि बैटर में डंठल वाली हरी मिर्च डालने से फर्मेंटेशन को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है।
कैसे करें इस्तेमाल?
इसके लिए सबसे पहले इडली-डोसा बैटर को तैयार कर लें। अब इसमें एक साफ, डंठल वाली हरी मिर्च डाल दें। इसके बाद बैटर को ढककर किसी गर्म जगह पर रख दें। ध्यान रखें कि बैटर को बार-बार खोलकर देखने या हिलाने-डुलाने से बचें। इसे कुछ समय के लिए ऐसे ही छोड़ दें ताकि फर्मेंटेशन की प्रक्रिया अच्छी तरह हो सके। जब बैटर अच्छी तरह फर्मेंट हो जाए, तो हरी मिर्च निकालकर आप इससे सॉफ्ट इडली या क्रिस्पी डोसा बना सकते हैं।
Latest Lifestyle News