1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. लंबे समय तक फ्रेश रखना चाहते हैं टमाटर, तो बदलें किचन में रखने का तरीका, जानें कैसे स्टोर करें

लंबे समय तक फ्रेश रखना चाहते हैं टमाटर, तो बदलें किचन में रखने का तरीका, जानें कैसे स्टोर करें

टमाटर का इस्तेमाल लगभग हर घर में खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसे लंबे समय तक स्टोर कैसे कर सकते हैं। यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि टमाटर को लंबे समय तक स्टोर कैसे कर सकते हैं।

लंबे समय तक फ्रेश रखना चाहते हैं टमाटर, तो बदलें किचन में रखने का तरीका- India TV Hindi
Image Source : MAGNIFIC लंबे समय तक फ्रेश रखना चाहते हैं टमाटर, तो बदलें किचन में रखने का तरीका

टमाटर हर भारतीय रसोई की शान हैं, लेकिन गर्मी के मौसम में ये जल्दी खराब हो जाते हैं या पिलपिले हो जाते हैं। जल्द खराब होने या पिलपिले पड़ने की वजह से ज्यादातर लोग परेशान रहते हैं। अगर आप भी बार-बार खराब टमाटरों को फेंकने से परेशान हैं, तो बस अपने किचन में इन्हें रखने का तरीका बदलें। सही तकनीक अपनाकर आप टमाटरों को हफ्तों तक एकदम ताजा, रसीला और लाल बनाए रख सकते हैं। यहां जान लें टमाटर को स्टोर करने का सही तरीका। 

1. सही तापमान और जगह का चुनाव
अक्सर लोग टमाटर खरीदते ही उन्हें फ्रिज में रख देते हैं। यह सबसे बड़ी गलती है। ठंडक टमाटर के नेचुरल स्वाद को खत्म कर देती है और उसका गूदा रेतीला बना देती है। ऐसे में अधपके या हल्के हरे टमाटरों को हमेशा कमरे के तापमान पर हवादार जगह में रखें। जब टमाटर पूरी तरह पक जाएं और 1-2 दिन में उनका इस्तेमाल न होना हो, तब ही उन्हें फ्रिज के सबसे कम ठंडे हिस्से में रखें। इसे इस्तेमाल से आधा घंटा पहले बाहर निकाल लें।

2. डंठल वाला हिस्सा नीचे रखें
टमाटर का डंठल वाला सिरा वह जगह होती है जहां से नमी सबसे तेजी से बाहर निकलती है और बैक्टीरिया अंदर प्रवेश करते हैं। ऐसे में टमाटरों को समतल जगह पर डंठल की तरफ से उल्टा करके रखें। आप चाहें तो डंठल वाली जगह पर थोड़ा सा सेलोटेप भी लगा सकते हैं। इससे नमी लॉक हो जाती है और टमाटर हफ्तों तक नहीं सिकुड़ते।

3. एक-दूसरे से दूर और अलग रखें
टमाटर इथिलीन गैस छोड़ते हैं, जो फल-सब्जियों को तेजी से पकाती है। टमाटरों को एक के ऊपर एक रखने के बजाय एक परत में फैलाकर रखें। इन्हें केले, सेब या आलू के पास न रखें, वरना ये बहुत जल्दी गल जाएंगे।

4. कटे हुए टमाटरों को कैसे बचाएं?
अगर आधा टमाटर बच गया है, तो उसे खुले में न छोड़ें। कटे हुए हिस्से को एयरटाइट कंटेनर में रखें या उस पर क्लिंग रैप लगाकर फ्रिज में रखें। इसे 1-2 दिन के अंदर इस्तेमाल कर लें।

5. फ्रीज करके महीनों चलाएं
अगर आपके पास बहुत ज्यादा टमाटर हैं, तो उन्हें धोकर, सुखाकर पूरे का पूरा जिपलॉक बैग में डालकर फ्रीजर में रख दें। जब भी ग्रेवी या सूप बनाना हो, फ्रीजर से निकालें छिलका आसानी से उतर जाएगा।

Latest Lifestyle News