नींबू एक ऐसा फल है जो सालों भर बाजार में बिकता है। कभी इसके दाम सस्ते होते हैं तो कभी महंगे। नींबू का पौधा ऐसा होता है अगर इसकी सही देखभाल की जाए तो ये खूब फल देते हैं। लेकिन कई बार लोगों की शिकायत रहती है कि उनके नींबू के पौधे में फल ही नहीं आते जिसकी वजह से उन्हें बाजार से नींबू खरीदने पड़ते हैं। नींबू का इस्तेमाल सलाद या खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए खूब किया जाता है। लेकिन बाजार में नींबू की बढ़ती कीमत कई बार लोगों को परेशान कर देती है। ऐसे में यहां हम कुछ आसान टिप्स के बारे में बताने जा रहे हैं जिसे फॉलो कर आप घर पर खूब नींबू उगा सकते हैं।
1. धूप की कमी को दूर करें
नींबू एक ट्रॉपिकल पौधा है। इसे फलने-फूलने के लिए भरपूर ऊर्जा की जरूरत होती है। ऐसे में ये सुनिश्चित करें कि पेड़ को दिन में कम से कम 6 से 8 घंटे की सीधी धूप मिले। अगर पेड़ छाया में है, तो वह फल देने की बजाय केवल अपनी लंबाई बढ़ाएगा।
2. पानी देने का सही तरीका
नींबू के मामले में ज्यादा पानी भी कभी-कभी नुकसानदेह होता है। जब पेड़ पर फूल आने का समय हो, तो पानी देना थोड़ा कम कर दें। मिट्टी के ऊपर की 2-3 इंच की परत सूखने पर ही पानी दें। हल्का सा 'स्ट्रेस' पौधे को फल पैदा करने के लिए प्रेरित करता है। फल बनने के दौरान मिट्टी को पूरी तरह न सूखने दें, वरना फल गिर सकते हैं।
3. खाद और पोषण
अगर आप केवल यूरिया या नाइट्रोजन वाली खाद डाल रहे हैं, तो पेड़ सिर्फ हरा-भरा होगा, फल नहीं देगा। फल लाने के लिए फास्फोरस और पोटेशियम की जरूरत होती है। जड़ के पास थोड़ी लकड़ी की राख और हड्डी का चूरा मिलाएं। महीने में एक बार वर्मीकम्पोस्ट का इस्तेमाल करें।
4. छंटाई है जरूरी
पेड़ के निचले हिस्से से निकलने वाली बेकार टहनियों को काट दें। ये टहनियां पेड़ का सारा पोषण सोख लेती हैं और फल नहीं आने देतीं। सूखी और आपस में उलझी हुई टहनियों को काटें ताकि पेड़ के अंदर तक धूप और हवा पहुंच सके।
5. पॉलिनेशन की समस्या
अगर फूल आकर गिर जाते हैं, तो इसका मतलब है कि पॉलिनेशन सही से नहीं हो रहा है। इसलिए अपने गार्डन में मधुमक्खियों और तितलियों को आकर्षित करने के लिए फूलों वाले पौधे लगाएं। आप हल्के हाथ से फूलों को हिलाकर 'हैंड पॉलिनेशन' भी कर सकते हैं।
Latest Lifestyle News