अक्सर हम कपड़ों को साफ रखने के लिए वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कपड़े साफ होने के बाद मशीन को ऐसे ही छोड़ देते हैं जिसकी वजह से एक समय के बाद उसमें से सड़न की बदबू आने लगती है। इसकी वजह से कई बार कपड़े धोने का भी मन नहीं करता। नमी, डिटर्जेंट के अवशेष, और गंदगी के कारण मशीन के ड्रम और पाइप में बैक्टीरिया व फफूंद पनपने लगते हैं, जिससे अजीब सी सड़न और बदबू आने लगती है। अगर आपकी भी वॉशिंग मशीन से बदबू आ रही है, तो इससे छुटकारा पाने के लिए आप कुछ आसान घरेलू नुस्खे अपना सकते हैं।
बदबू दूर करने के असरदार घरेलू उपाय
बेकिंग सोडा और सिरका: वॉशिंग मशीन के ड्रम में आधा कप बेकिंग सोडा डालकर गर्म पानी के साथ एक साइकल चलाएं। इसके बाद डिटर्जेंट ट्रे में एक कप सफेद सिरका डालकर एक बार फिर हॉट वॉटर साइकल चलाएं। यह तरीका मशीन के अंदर जमी फफूंद और बदबू को जड़ से खत्म कर देगा।
नींबू का रस: नींबू प्राकृतिक रूप से डीओडराइज़र और एंटीबैक्टीरियल होता है। इसके लिए 3-4 नींबू का रस निकालकर स्पंज की मदद से ड्रम के अंदरूनी हिस्से और रबर की गैस्केट पर लगाएं। इसे 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर सादे पानी से धो लें। इससे मशीन में नींबू जैसी ताजी खुशबू बनी रहेगी।
ब्लीच का इस्तेमाल: यदि बदबू बहुत ज्यादा है, तो पानी से भरे ड्रम में एक कप क्लोरीन ब्लीच मिलाएं और नॉर्मल वॉश साइकल चलाएं। ध्यान रखें कि इस प्रक्रिया के दौरान मशीन में कपड़े न हों। ब्लीच सभी तरह के बैक्टीरिया और फंगस को तुरंत नष्ट कर देता है।
डिटर्जेंट डिस्पेंसर ट्रे की सफाई: डिटर्जेंट और सॉफ्टनर का जमा हुआ अवशेष अक्सर बदबू का मुख्य कारण बनता है। ट्रे को निकालकर गर्म पानी और पुराने टूथब्रश की मदद से अच्छी तरह साफ करें। सूखने के बाद ही इसे वापस लगाएं।
Latest Lifestyle News