बाथरूम की टाइल्स पर कई बार पीले निशान पड़ जाते हैं। ये निशान लोहे की बाल्टी या किसी दूसरी चीज से भी लग सकते हैं। जंग के निशान इतने गहरे होते हैं कि इन्हें छुड़ाने में पसीने छूट जाते हैं। घंटों रगड़ने के बाद भी निशान पूरी तरह से साफ नहीं हो पाते हैं। अगर पूरा बाथरूम साफ चमक रहा हो और टाइल्स पर गंदे जिद्दी दाग पड़े हों तो ये दिखने में भद्दा सा लगता है। अगर आपके बाथरूम में भी पानी की वजह से जंग के दाग लग रहे हैं तो इन टिप्स से जंग के निशान साफ करने में मदद मिल सकती है।
टाइल्स पर लगे जंग के दाग कैसे छुड़ाएं?
टमाटर और सेंधा नमक- सबसे पहले जंग लगी टाइल्स पर आधा कटा हुआ टमाटर अच्छी तरह से रगड़ लें। निशान पर टमाटर का रस निचोड़ दें और ऊपर से सेंधा नमक डाल दें। इसे 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर ब्रश की मदद से या किसी स्क्रबर से टाइल को हल्का साफ करें। इससे जंग के निशान क्लीन हो जाएंगे।
नींबू और सोडा- जंग के निशान छुड़ाने के लिए नींबू भी असरदार उपाय है। आधा नींबू काटकर टाइल पर रगड़ें और बचा हुआ नींबू का रस जंग लगी जगह पर डाल दें। इसके ऊपर थोड़ा नमक और सोडा दालकर 5 मिनट तक रहने दें। ब्रश या स्क्रबर से जंग वाली जगह को रगड़ कर अच्छी तरह से साफ कर लें। इसके बाद पानी से टाइल को साफ कर लें। इससे टाइल एकदम सफेद चमकने लगेगी।
गुनगुना पानी और विनेगर- फर्श की क्लीनिंग के लिए विनेगर को काफी उपयोगी माना जाता है। इसके लिए आप गुनगुना पानी लें और उसमें विनेगर मिला लें। एक घोल जैसा तैयार कर लें और फर्श पर डालकर कुछ देर के लिए छोड़ दें। अब थोड़ा डिटर्जेंट डालकर टाइल्स को साफ कर लें। इससे बाथरूम की गंदी टाइल्स साफ हो जाएंगी।
टाइल्स से दाग कैसे छुड़ाएं- कई बार टाइल्स पर दाग पड़ जाते हैं। इसके लिए आधा कप पानी और आधा स्काउरिंग (scouring) पाउडर मिलाकर पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को दाग वाली जगह पर रगड़ें और 5 से 10 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। अब ब्रश की मदद से साफ करें और फिर उस जगह को गुनगुने पानी से क्लीन कर लें। दाग निकल जाएंगे।