व्रत के दौरान अगर आप एक ही तरह का फलाहार खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार साबूदाने से बनी अलग-अलग रेसिपीज ट्राई कर सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं साबूदाने से बनने वाली 5 स्वादिष्ट रेसिपीज, जिन्हें आप व्रत में ट्राई कर सकते हैं।
व्रत में बनाएं साबूदाने की ये 5 रेसिपीज
साबूदाना खिचड़ी: व्रत के फलाहार में साबूदाना खिचड़ी एक लोकप्रिय विकल्प है। इसे बनाने के लिए साबूदाने को कुछ घंटों तक भिगोकर रखें। अब एक पैन में घी गर्म करके जीरा, उबले आलू और मूंगफली डालकर भूनें। इसमें भीगा हुआ साबूदाना, सेंधा नमक और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह मिलाएं। साबूदाना पकाएं और आखिर में नींबू का रस डालकर गर्मागर्म सर्व करें।
साबूदाना वड़ा: अगर व्रत में कुछ कुरकुरा और चटपटा खाने का मन है, तो साबूदाना वड़ा बना सकते हैं। इसके लिए भीगे हुए साबूदाने में उबले आलू, कुटी हुई मूंगफली, हरी मिर्च, सेंधा नमक और हरा धनिया मिलाएं। मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्कियां बनाएं और गर्म घी या तेल में सुनहरा व कुरकुरा होने तक तलें।
साबूदाने की खीर: व्रत में मीठा खाने की इच्छा हो, तो साबूदाने की खीर एक अच्छा विकल्प है। इसे बनाने के लिए साबूदाने को धोकर कुछ देर भिगो दें। एक पैन में दूध गर्म करें और उसमें साबूदाना डालकर धीमी आंच पर पकाएं। साबूदाना नरम होने और दूध गाढ़ा होने पर स्वादानुसार चीनी और इलायची पाउडर मिलाएं।
साबूदाना थालीपीठ: व्रत में कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो साबूदाना थालीपीठ बना सकते हैं। इसके लिए भीगे हुए साबूदाने में उबले आलू, कुटी मूंगफली, हरी मिर्च, सेंधा नमक और हरा धनिया मिलाएं। मिश्रण से चपटी टिक्की बनाएं और घी लगी तवे पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंकें।
साबूदाना टिक्की: साबूदाना टिक्की व्रत के दौरान नाश्ते या शाम के फलाहार के लिए तैयार की जा सकती है। इसके लिए भीगे साबूदाने में मैश किए हुए उबले आलू, कुटी मूंगफली, हरी मिर्च और सेंधा नमक मिलाएं। मिश्रण को टिक्की का आकार दें। अब तवे पर थोड़ा घी लगाकर टिक्कियों को दोनों तरफ से कुरकुरा होने तक सेंकें।