खून की कमी को दूर करने के लिए अक्सर चुकंदर का सेवन करने की सलाह दी जाती है। इस बात में कोई शक नहीं है कि चुकंदर आपकी सेहत को मजबूत बनाए रखने में कारगर साबित हो सकता है। लेकिन जब भी चुकंदर को छीलकर काटा जाता है, तो न केवल हाथ लाल रंग से सन जाते हैं बल्कि किसी न किसी जगह पर लाल रंग का दाग भी पड़ जाता है। आज हम आपको बताएंगे कि चुकंदर के लाल रंग के जिद्दी दाग को आप आसानी से कैसे हटा सकते हैं...
गौर करने वाली बात- अब अगर चुकंदर काटते समय आपके हाथों में चुकंदर का लाल रंग लग जाए, तो आपको कई बार साबुन से हाथ धोने की जरूरत नहीं है। दरअसल, बार-बार साबुन से हाथ धोने से त्वचा ड्राई हो जाती है। ध्यान रखिए कि आप जब भी चुकंदर काटते हैं, तो पहले आपको अपने हाथों पर थोड़े से तेल को मल लेना है। आप सरसों का तेल या फिर नारियल का तेल या फिर कुकिंग ऑइल यूज कर सकते हैं।
कारगर साबित होगा हैक- अगर आप तेल लगाना भूल गए, तो जाहिर सी बात है कि चुकंदर का लाल रंग आपकी त्वचा पर चिपक जाएगा। चुकंदर के लाल रंग के दाग को त्वचा से हटाने के लिए आपको हाफ नींबू लेना है और उसे अपने हाथों पर रगड़ लेना है। अगर घर पर नींबू नहीं है तो कोई बात नहीं, आप बेकिंग सोडा का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इसके बाद हाथों को पानी से धो लीजिए और फिर अपने हाथों को मॉइश्चराइज करना मत भूलिए।
एक और मददगार ट्रिक- सबसे पहले अपने हाथों पर थोड़ा सा बेकिंग सोडा लगा लीजिए। अब अपने हाथों पर सिरके की कुछ ड्रॉप्स डाल दीजिए। इस मिश्रण की मदद से दाग ढीला हो पाएगा। लगभग एक मिनट तक अपने हाथों को धीरे से रब करते रहिए और फिर हाथ धो लीजिए। हाथों को धोने के लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल कीजिए और फिर हाथों में मॉइश्चराइज लगा लीजिए।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
Latest Lifestyle News