गर्मियों के मौसम में कई लोग तरबूज बड़े चाव के साथ खाते हैं। तरबूज में मौजूद तमाम पोषक तत्व आपकी सेहत को चौतरफा लाभ पहुंचा सकते हैं। लेकिन जब भी लोग पोषक तत्वों से भरपूर तरबूज खाते हैं, तो या तो उसके बीजों को निकालने में बहुत ज्यादा समय और मेहनत लगती है या फिर अगर तरबूज को बीजों के साथ खाया जाए, तो मुंह का सारा का सारा स्वाद ही बिगड़ जाता है। आइए तरबूज के बीजों को आसानी से निकालने के तरीके के बारे में जानते हैं।
बेहद आसान तरीका- सबसे पहले तरबूज को किसी भी सतह पर रख लीजिए। अब आपको तरबूज के ऊपर और नीचे के सिरों को थोड़ा-थोड़ा काट लेना है। इस स्टेप को फॉलो करने से तरबूज को एक सपाट बेस मिल जाएगा जिससे चॉपिंग बोर्ड बार-बार हिलेगा नहीं। अब आपको चाकू से तरबूज को इसे एकदम बीचोंबीच से आधा करके काट लेना है। ध्यान रहे कि आपको बड़े और तेज धार वाले चाकू का इस्तेमाल करना है और वो भी सावधानी के साथ।
फॉलो करें स्टेप्स- अब आपको कटे हुए तरबूज में दिखाई देने वाले लाल गूदे पर गौर करना है। ध्यान देने पर आपको गूदे में कुछ लाइन्स नजर आएंगी जो ट्राइएंगल जैसा पैटर्न बना रही होंगी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस फल के ज्यादातर बीज इन्हीं लाइन्स के आसपास छिपे होते हैं। जब आपको ये लाइन्स दिखाई दे जाएंगी, तो आपके लिए तरबूज के बीजों को निकालने का काम काफी हद तक आसान हो जाएगा।
आसानी से निकल जाएंगे बीज- आपको इन तीन लाइन्स के बीच को ट्राइएंगल शेप में कट कर लेना है। इन लाइन्स के बेसिस पर कट लगाने से बीज एक कतार से बाहर की तरफ दिखाई देने लगेंगे। तरबूज को इसी तरह से काट लीजिए। अब तरबूज की हर स्लाइस के किनारों पर दिखाई देने वाली बीज की कतार को चाकू या फिर चम्मच की मदद से खुरचकर अलग कर लीजिए। इस तरीके से आप तरबूज के बीजों को आसानी से निकाल सकते हैं।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।