A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. बैलेंस डाइट आपने कई बार सुनी होगी, लेकिन ये होती क्या है, इसमें क्या-क्या होता है? अब जान लीजिए

बैलेंस डाइट आपने कई बार सुनी होगी, लेकिन ये होती क्या है, इसमें क्या-क्या होता है? अब जान लीजिए

ज्यादातर लोग जानते हैं कि हेल्दी और बैलेंस डाइट प्लान फॉलो करना चाहिए। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर बैलेंस डाइट होती क्या है? आइए इस टर्म को समझने की कोशिश करते हैं।

संतुलित आहार- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK संतुलित आहार

बैलेंस डाइट प्लान यानी संतुलित आहार को फॉलो करना न केवल आपके शरीर के लिए बल्कि आपके दिमाग के लिए भी बेहद जरूरी है। आजकल हर कोई वजन कम करने या फिर फिट दिखने की जल्दी में है। यही वजह है कि कीटो, जीएम डाइट या जूस क्लींज जैसे फैड डाइट इतने ज्यादा पॉपुलर हो रहे हैं। क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट, हेल्थ कोच और TEDx स्पीकर डॉ. निधि निगम के मुताबिक पोषक तत्वों की कमी, हॉर्मोनल असंतुलन, थकान और यहां तक कि समय से पहले बुढ़ापा, संतुलित आहार को फॉलो न कर पाने के परिणाम हैं।

क्यों जरूरी है बैलेंस डाइट?

संतुलित आहार का मतलब है, ऐसा भोजन खाना जो सभी आवश्यक पोषक तत्व यानी कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, स्वस्थ वसा, विटामिन और खनिज का सही रेशियो प्रदान कर पाए। आइए बैलेंस डाइट को फॉलो करने के कुछ फायदों के बारे में जानते हैं। संतुलित आहार उम्र बढ़ने के साथ आपको ऊर्जावान और सक्रिय बनाए रखता है। इसके अलावा मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी लाइफस्टाइल डिजीज से बचाने के लिए भी बैलेंस डाइट फॉलो करनी चाहिए। इम्यूनिटी बूस्ट करने से लेकर त्वचा की चमक और बालों के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए भी संतुलित आहार जरूरी है।

कैसा होना चाहिए डाइट प्लान?

डॉ. निधि निगम ने बताया कि एक स्वस्थ प्लेट में क्या-क्या शामिल किया जाना चाहिए। आपको अपनी आधी प्लेट सब्जियों से भरनी है जिसमें कच्चा सलाद और पकी हुई सब्जियां दोनों होनी चाहिए। इसके बाद ¼ प्लेट में प्रोटीन रिच दाल, बीन्स, पनीर, अंडे, चिकन या मछली हो सकती है। ¼ प्लेट में कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट जैसे गेहूं, बाजरा, ब्राउन राइस, ओट्स शामिल किए जा सकते हैं। इसके अलावा थोड़ी सी स्वस्थ वसा की मात्रा जैसे 1 छोटी स्पून घी, मेवे या फिर बीज को डाइट प्लान का हिस्सा बनाया जा सकता है।

दिन भर में कितना खाएं?

सुबह-सुबह 5-6 भीगे हुए बादाम/अखरोट या फिर 1 छोटी स्पून बीज (अलसी, कद्दू, सूरजमुखी) को कंज्यूम किया जा सकता है। सुबह 7-9 बजे के बीच नाश्ते में दही या अंडे/पनीर के साथ एक कटोरी दलिया/ओट्स/पोहा खाएं। दोपहर में एक मौसमी फल खाएं। दोपहर 1-2 बजे आधी प्लेट सब्जियां, 1 कटोरी दाल/चिकन/मछली, 1-2 रोटियां या आधा कप ब्राउन राइस/बाजरा और कटोरी दही का सेवन कर सकते हैं। शाम को भुने हुए मखाने, चने या मक्के के साथ ग्रीन टी/बिना चीनी वाली चाय पी सकते हैं। रात में 7-8 बजे हल्का खाना खाएं जैसे सब्जियों का सूप, पनीर/चिकन/दाल, 1-2 मल्टीग्रेन रोटियां खा सकते हैं। रात में सोने से पहले आप एक गिलास हल्दी वाला दूध या गर्म पानी पी सकते हैं।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

Latest Lifestyle News