हम सदियों से सुनते आए हैं कि रात को गाय का एक गिलास दूध पीने से गहरी नींद आती है और गहरी नींद का सीधा संबंध बेहतर सेहत से होता है। लेकिन एक शोध में पता चला है कि गाय का दूध तभी गहरी नींद सुलाने में मदद करता है जब उसका दूध रात को निकाला गया हो।
शोध के अनुसार रात के दूध में ट्रिप्टोफान और मेलाटोनिन ज़्यादा होता है जो नींद में मदद करता है और चिंता दूर करता है। ट्रिप्टोफान को शरीर सेरोटोनिन में बदल देता है जिससे नींद आ जाती है।
शोध के नतीजे से वैज्ञानिकों के इस विश्वास को बल मिला है कि दूध पीने से नींद आने के पीछे महज़ मनोवैज्ञानिक कारण ही नही है।
ये शोध साउथ कोरिया की सहमयूक यूनिवर्सिटी ने किया है जिससे पता चला है कि रात को निकाले गये दूध में ट्रिप्टोफान और मेलाटोनिन प्रचुर मात्रा में होता है और हो सकता है कि इससे गहरी नींद आती हो।
शोध में चूहों को दिन और रात को निकाले गये दूध का पावडर खिलाया गया। वे चूहे ज़्यादा गहरी नींद सोए जिन्हें रात के दूध का पावडर दिया था। रात के दूध में दिन के दूध की तुलना में ट्रिप्टोफान दस और मेलाटोनिन 24 प्रतिशत अधिक होता है।
यह प्रयोग अभी मानव पर नहीं किया गया है लेकिन जिन लोगों को नींद न आने की शिकायत रहती है उन्हें मेलाटोनिन लेने का सुझाव दिया गया है।
इसके पहले के शोध मे भी कहा गया है कि दूध पीने से गबरी नींद आती है क्योंकि इसमें कैल्शियम होता है।
Latest Lifestyle News