खाने के साथ चटनी हो तो स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। व्रत में कई बार खाना मीठा या फीका लगता है, लेकिन साथ में चटनी हो तो उसी खाने का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। व्रत में आप 1-2 नहीं बल्कि 5 तरह की अलग-अलग चटनी बनाकर खा सकते हैं। इससे आपके खाने में एकदम चटपटी और खट्टा मीठा फ्लेवर आ जाएगा। व्रत के लिए चटनी बनाना भी बेहद आसान है। आप नवरात्रि के व्रत में ये 5 तरह की चटनी बनाकर खा सकते हैं। नोट कर लें व्रत वाली चटनी की रेसिपी।
व्रत में खाई जाने वाली 5 चटनी
हरा धनिया हरी मिर्च की चटनी रेसिपी- व्रत में सबसे ज्यादा खाई जाने वाली चटनी है, हरा धनिया और हरी मिर्च से तैयार की जाने वाली ग्रीन चटनी। इसका तीखा स्वाद खाने को एकदम स्पाइसी फ्लेवर देगा। हरी चटनी बनाने के लिए धनिया पत्ता, हरी मिर्च, जीरा और सेंधा नमक डालकर बारीक चटनी पीस लें। ये चटनी स्वाद बढ़ाने के लिए काफी है।
टमाटर की चटनी- नवरात्रि के व्रत में टमाटर भी खा सकते हैं। टमाटर की चटनी का खट्टा स्वाद खाने में चटकारे दिला सकता है। इसके लिए 1-2 टमाटर को हरी मिर्च, हरा धनिया, जीरा और सेंधा नमक डालकर पीस लें। तैयार है मजेदार खट्टी चटनी, इसे आप चीला, पकोड़े या किसी भी दूसरी रेसिपी के साथ इंजॉय कर सकते हैं।
मूंगफली की चटनी- तीखा और स्वादिष्ट खाना है तो मूंगफली की चटनी बना सकते हैं। इसे आलू, साबूदाना वड़ा और दूसरी चीजों से खा सकते हैं। आपको आधा कप भुनी हुई मूंगफली लेनी हैं। इसमें 1 हरी मिर्च, आधा नींबू, सेंधा नमक, थोड़ा पानी डालकर बारीक पीस लें। ये चटनी साबूदाना डोसा के साथ इंजॉय करें।
दही और पुदीने की चटनी- उपवास में पुदीना भी खा सकते हैं। पेट की गर्मी को कम करने के लिए ठंडी और ताजगी से भरपूर पुदीने के चटनी को फलाहारी आलू की टिक्की और कुट्टू की पकौड़ियों के साथ खाएं। इसके लिए आधा कप ताजा दही, आधा कप पुदीने की पत्तियां, थोड़ा हरा धनिया, 1 हरी मिर्च, भुना जारी और सेंधा नमक लें। चटनी पीसकर तैयार कर सें।
इमली खजूर की चटनी- व्रत में इमली और खजूर की चटनी भी खा सकते हैं। इसे बनाने के लिए बिना बीज वाले 8-10 खजूर लें। खजूर को पीस लें और पेस्ट जैसा बना लें। इमली को भिगोकर उसका 2-3 चम्मच गूदा निकाल लें। अब इसे कड़ाही में डालें। थोड़ा पानी, सेंधा नमक, भुना जीरा पाउडर और मिठास के लिए गुड़ या चीनी डालकर, काली मिर्च डाल दें। चटनी को गाढ़ा होने पर सर्व करें।
Latest Lifestyle News