आलू के पराठे से लेकर आपने उसकी कई किस्म की सब्जियों का स्वाद चखा होगा लेकिन क्या आपने आलू के गुटके खाए हैं। यह भी आलू की एक स्नैक या साइड डिश है जिसे उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर बनाया जाता है। इसे उबले हुए आलू, साबुत मसालों और सरसों के तेल से बनाया जाता है जिसे आप रोटी और चावल के साथ भी खा सकते हैं। तो चलिए जानते हैं कैसे बनाएं यह रेसिपी?
आलू के गुटके के लिए सामग्री
हरा धनिया, अदरक का टुकड़ा, दो हरी मिर्च, साबुत धनिया एक चम्मच, जीरा एक चम्मच, सरसों का तेल, 4 उबले आलू, हींग आधा चम्मच, सूखी लाल मिर्च 2, हल्दी पाउडर आधा चम्मच, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर आधा चम्मच, जीरा पाउडर आधा चम्मच, नमक स्वाद अनुसार
कैसे बनाएं आलू का गुटका?
-
सबसे पहले पेस्ट बनाने के लिए, हरी मिर्च, अदरक और धनिया को काटें। अब साबुत धनिया और जीरा के साथ इन्हें ओखली में डालें और दरदरा, टेक्सचर वाला पेस्ट बना लें और अलग रख दें। उसके बाद उबले हुए आलू को आधा काट लें और फिर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इस बता का ध्यान रखें कि जो आलू आप इस्तेमाल कर रहे हैं वो मीठा नहीं होना चाहिए।
-
अब, एक लोहे की कड़ाही लें और उसमें सरसों का तेल डालें। जब यह गरम हो जाए तब उसमें कटे हुए आलू डालें और मीडियम-तेज़ आँच पर, चलाते हुए तब तक भूनें जब तक कि वे बाहर से हल्के सुनहरे रंग के न हो जाएँ। सुनहरा हो जाने के बाद, उन्हें एक कटोरे में निकाल लें और अलग रख दें।
-
उसी कड़ाही में सरसों का तेल डालें और फिर हींग और सूखी लाल मिर्च डालकर चटकने दें।तैयार किया हुआ दरदरा पेस्ट डालें और मिलाएँ। हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और जीरा पाउडर के साथ थोड़ा गर्म पानी डालें। इन्हें अच्छी तरह मिलाएँ और मसाले को तब तक पकाएँ जब तक कि कच्ची महक गायब न हो जाए और तेल फिर से अलग न होने लगे।
-
अब, तले हुए आलू डालें और मीडियम-तेज़ आँच पर तब तक पकाएँ जब तक आलू मसाले से कोट न हो जाएँ। आपके स्वादिष्ट आलू के गुटके तैयार हैं।
Latest Lifestyle News