सब्जी का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है जब उसमें गरम मसाले का इस्तेमाल किया जाता है। गरम मसाला का हल्का तीखा फ्लेवर सब्जी का स्वाद बदल देता है। अगर आप भी उनमे से हैं जिन्हें घर पर हर तरह की खाने वाली चीजों को बनाने का शौक है तो आप गरम मसाला की रेसिपी भी तैयार कर सकते हैं। बस आपको पता होना चाहिए कौन सा मसाला कितनी मात्रा में इस्तेमाल होगा। मशहूर फूड कंटेंट क्रिएटर और शेफ 'कूक विथ पारुल' की पारुल अपने यू ट्यूब पेज पर सब्जी मसाला घर पर बनाने का तरीका बता रही हैं जिसे आप महीनों तक स्टोर भी कर सकते हैं। तो चलिए जानते हैं कैसे बनाएं यह मसाला रेसिपी?
गरम मसाला के लिए सामग्री:
चार बड़े चम्मच साबुत धनिया, एक बड़ा चम्मच सौंफ, दो बड़े चम्मच जीरा, एक छोटा चम्मच शाही जीरा, दालचीनी के 2 छोटे टुकड़े, 1 चक्र फूल, 4-5 हरी इलायची, 2 बड़ी इलायची, 1 छोटा चम्मच काली मिर्च, 6–7 लौंग, आधा छोटा चम्मच मेथी दाना, जायफल का 1 छोटा टुकड़ा, 3-4 तेजपत्ता, 5–6 सूखी लाल मिर्च, 2 बड़े चम्मच कसूरी मेथी, 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 2 बड़े चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर, आधा छोटा चम्मच हींग, 1 छोटा चम्मच सोंठ पाउडर, 1 छोटा चम्मच पुदीना पाउडर, 1 छोटा चम्मच लहसुन पाउडर, 1 छोटा चम्मच चावल का आटा, आधा छोटा चम्मच काला नमक, 1 छोटा चम्मच सफेद नमक
कैसे बनाएं गरम मसाला?
-
पहला स्टेप: घर पर गरम मसाला बनाने के लिए सबसे पहले आप गैस ऑन करें और उसपर एक पैन रखें। जब पैन गर्म हो जाए तब उसमें साबुत धनिया, सौंफ, जीरा, शाही जीरा, दालचीनी, चक्र फूल, हरी इलायची, बड़ी इलायची, काली मिर्च, लौंग, मेथी दाना, जायफल, तेजपत्ता और लाल मिर्च डालें। इन मसालों को सुनहरा होने तक भूनें। जब ये भून जाए तो गैस बंद कर दें।
-
दूसरा स्टेप: हल्का ठंडा होने के बाद इन मसालों को एक मिक्सर जार में डालें। इनके साथ आप कसूरी मेथी, हल्दी पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, अमचूर पाउडर, हींग, सोंठ पाउडर, पुदीना पाउडर, लहसुन पाउडर, चावल का आटा, काला नमक और नमक डालकर जार का ढक्क्न लगाएं।
-
तीसरा स्टेप: अब मिलकर जार में इन मसालों को एकदम बारीक पीस लें। जब मसाले पीसकर हो जाएं तो उन्हें एक एयर टाइट कंटेनर जार में रखें। इससे मसाले आराम से एक महीने तक चल जाएंगे। आप इनका इस्तेमाल सब्जी, बिरयानी बनाते समय कर सकते हैं।