1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. ब्रेकफास्ट के लिए बेस्ट ऑप्शन है आलू, पनीर, कॉर्न सैंडविच, स्वाद में है लाजवाब, नोट करें रेसिपी

ब्रेकफास्ट के लिए बेस्ट ऑप्शन है आलू, पनीर, कॉर्न सैंडविच, स्वाद में है लाजवाब, नोट करें रेसिपी

अगर आप सुबह ब्रेकफास्ट के लिए बेहतरीन ऑप्शन ढूंढ रहे हैं तो आलू, पनीर, कॉर्न सैंडविच आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। यहां हम आपके लिए आलू, पनीर, कॉर्न सैंडविच की सिंपल रेसिपी लेकर आए हैं।

ब्रेकफास्ट के लिए बेस्ट ऑप्शन है आलू, पनीर, कॉर्न सैंडविच, स्वाद में है लाजवाब, नोट करें रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV ब्रेकफास्ट के लिए बेस्ट ऑप्शन है आलू, पनीर, कॉर्न सैंडविच, स्वाद में है लाजवाब, नोट करें रेसिपी

सुबह की भागदौड़ में अक्सर समझ नहीं आता कि क्या बनाया जाए जो खाने में टेस्टी भी हो और पेट भी भर दे। क्योंकि ब्रेकफास्ट में हेल्दी चीजों का सेवन करने से दिन भर एनर्जी बनी रहती है। अगर आप भी ब्रेकफास्ट के लिए हेल्दी और टेस्टी ऑप्शन ढूंढ रहे हैं तो आलू, पनीर और स्वीट कॉर्न सैंडविच बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। इसका क्रिस्पी ब्रेड, क्रीमी पनीर और कॉर्न का मीठा-तीखा स्वाद बड़ों से लेकर बच्चों तक सभी को बहुत पसंद आता है। अगर आप इसे ट्राय करना चाहते हैं तो यहां से नोट कर लें आसान सी रेसिपी। 

सामग्री 

  • ब्रेड की स्लाइस: 4 (व्हाइट या ब्राउन)
  • उबले आलू: 2 (मैश किए हुए)
  • पनीर: 1/2 कप (कद्दूकस किया हुआ)
  • उबले कॉर्न (स्वीट कॉर्न): 1/2 कप
  • बारीक कटा प्याज: 1 छोटा
  • हरी मिर्च: 1 (बारीक कटी हुई)
  • हरी धनिया पत्ती: बारीक कटी हुई
  • मसाले: 1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला, 1/2 चम्मच चिली फ्लेक्स, 1/2 चम्मच ओरिगैनो, स्वादानुसार नमक और काली मिर्च पाउडर
  • मक्खन: सैंडविच सेकने के लिए

बनाने का तरीका

स्टफिंग तैयार करें: एक पैन लें और उसमें आधा चम्मच बटर डालें। बटर मेल्ट हो जाए तो इसमें बारिक कटा प्याज, हरी मिर्च डालें। जब ये भून जाए तो इसमें मैश किए हुए आलू, कद्दूकस किया पनीर और उबले कॉर्न डालें। इसके बाद इसे अच्छी तरह मिक्स करें। अब इसमें चाट मसाला, चिली फ्लेक्स, ओरिगैनो, काली मिर्च और स्वादानुसार नमक मिलाएं। अगर आप सैंडविच को और क्रीमी बनाना चाहते हैं, तो इसमें 2 चम्मच मेयोनेज़ या चीज़ स्प्रेड मिला लें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें।

सैंडविच असेंबल करें: ब्रेड की दो स्लाइस लें। एक स्लाइस पर हरी चटनी या बटर लगाएं और दूसरी स्लाइस पर टोमैटो सॉस लगा सकते हैं। अब ब्रेड की एक स्लाइस पर तैयार की गई आलू-पनीर-कॉर्न की स्टफिंग अच्छी तरह फैलाएं। दूसरी ब्रेड स्लाइस को इसके ऊपर रखकर हल्का दबाएं।

टोस्ट/ग्रिल करें: तवे या सैंडविच मेकर को गर्म करें। ब्रेड की बाहरी सतह पर थोड़ा सा मक्खन लगाएं। सैंडविच को तवे पर रखें और धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंक लें। जब दोनों तरफ से अच्छी तरह सिक जाए तो इसका आनंद उठाएं। 

Latest Lifestyle News