रिमझिम बारिश का मौसम हो, खिड़की के बाहर ठंडी हवा चल रही हो और हाथ में गरम चाय का प्याला हो तो दिल बस कुछ गरमा-गरम और क्रिस्पी खाने को मचलता है। भजिया और पकौड़े तो आप हमेशा खाते हैं, लेकिन इस बार अपनी मानसून मॉर्निंग को कुछ खास बनाने के लिए ट्राय करें पोहा कटलेट। बाहर से बेहद कुरकुरे और अंदर से एकदम सॉफ्ट, ये कटलेट न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होते हैं बल्कि इन्हें बनाना भी बेहद आसान है। तो बिना देरी के यहां से फटाफट नोट करें रेसिपी।
सामग्री
- पोहा: 1 कप
- उबले हुए आलू: 2 (मैश किए हुए)
- बारीक कटी सब्जियां: ½ कप (गाजर, शिमला मिर्च और उबले मटर)
- बारीक कटा प्याज: 1 छोटा
- हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई)
- अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- मसाले: ½ चम्मच लाल मिर्च पाउडर, ½ चम्मच चाट मसाला, ¼ चम्मच गरम मसाला, और स्वादानुसार नमक
- नींबू का रस: 1 चम्मच
- ब्रेड क्रम्ब्स या सूजी: कोटिंग के लिए
- तेल: तलने के लिए
बनाने का तरीका
स्टेप 1
सबसे पहले पोहे को एक छलनी में रखकर साफ पानी से धो लें। इसे 5-7 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें ताकि यह सारा पानी सोखकर एकदम सॉफ्ट हो जाए।
स्टेप 2
अब एक बड़े बर्तन में भीगा हुआ पोहा लें। इसमें मैश किए हुए उबले आलू, बारीक कटी हुई सब्जियां, प्याज, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें।
स्टेप 3
इस मिश्रण में लाल मिर्च, चाट मसाला, गरम मसाला, नमक, नींबू का रस और हरा धनिया डालें। अब सभी चीजों को हाथ से अच्छी तरह मिलाकर एक डो की तरह तैयार कर लें।
स्टेप 4
अपने हाथों पर थोड़ा सा तेल लगाएं। मिश्रण में से छोटा सा हिस्सा लेकर उसे मनचाहा आकार दें।
स्टेप 5
तैयार कटलेट्स को ब्रेड क्रम्ब्स या सूजी में अच्छी तरह लपेट लें। इससे कटलेट बाहर से बहुत ही क्रिस्पी बनते हैं।
स्टेप 6
एक पैन में तेल गरम करें। कटलेट्स को मीडियम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक शैलो फ्राई या डीप फ्राई करें। फिर इसे चटनी या सॉस के साथ सर्व करें।
Latest Lifestyle News