डाइबीटीज के मरीजों को अपने खान-पान का खास ध्यान रखने की जरूरत होती है। इसलिए डायबिटीज के मरीजों को अपने दिन की शुरुआत सही खान-पान के साथ करनी चाहिए। शुगर पेशेंट्स का सुबह का नाश्ता ऐसा होना चाहिए जो ब्लड शुगर लेवल को बढ़ने न दे और शरीर को लंबे समय तक एनर्जी दे। ऐसे में डायबिटीज के मरीजों के लिए अंडा भुर्जी बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। यह न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी किसी वरदान से कम नहीं है। यहां हम आपके लिए अंडा भुर्जी की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं।
सामग्री
- अंडे: 4
- प्याज: 2 मीडियम साइज (बारीक कटे हुए)
- टमाटर: 1 मीडियम साइज (बारीक कटा हुआ)
- हरी मिर्च: 1-2 (बारीक कटी हुई)
- अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर: 1/4 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
- गरम मसाला: 1/4 छोटा चम्मच
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- मक्खन या तेल: 2 बड़े चम्मच
- नमक: स्वाद अनुसार
बनाने का तरीका
- एक कटोरे में चारों अंडों को फोड़ें। इसमें थोड़ा सा नमक और चुटकीभर हल्दी डालकर अच्छी तरह फेंट लें। इसे एक तरफ रख दें।
- एक कढ़ाई या पैन में तेल या मक्खन गरम करें। इसमें बारीक कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च डालें। प्याज को सुनहरा भूरा होने तक मध्यम आंच पर भूनें। अगर आप अदरक-लहसुन का पेस्ट इस्तेमाल कर रहे हैं, तो प्याज भूनने के दौरान ही उसे भी मिला लें ताकि उसका कच्चापन निकल जाए।
- अब पैन में कटे हुए टमाटर डालें। साथ ही हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और नमक डालें। टमाटर को नरम होने तक और मसाले से तेल अलग होने तक अच्छी तरह पकाएं।
- अब आंच को कम करें और फेंटे हुए अंडों को कढ़ाई में डाल दें। अंडों को डालने के बाद चम्मच से लगातार तेजी से चलाते रहें।
- जब अंडे पक जाए तो लास्ट में बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालें और गैस बंद कर दें।
डायबिटीज में क्यों फायदेमंद है अंडा?
कम कार्बोहाइड्रेट: अंडों में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा न के बराबर होती है, जिसका मतलब है कि यह खाने के बाद ब्लड शुगर के स्तर को प्रभावित नहीं करता है।
प्रोटीन से भरपूर: अंडा उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन का एक बेहतरीन स्रोत है। प्रोटीन पचने में समय लेता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है और बार-बार खाने की इच्छा नहीं होती। यह इंसुलिन के स्तर को नियंत्रित रखने में भी मदद करता है।
Latest Lifestyle News