वीकेंड हो और घर में कुछ अच्छा खाने का मन हो तो लोग पूरी सब्जी की डिमांड करते हैं। घर पर मेहमान आए हों तो पूरी सब्जी बनती है। इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि हर किसी को पसंद आता है। सिंपल आटे से लेकर स्टफिंग वाली पूरी और मसाले वाले पूरी सभी आपने मन को ललचाने के लिए काफी होती हैं। लेकिन हलवाई की बनी बेड़मी पूरी का स्वाद हर किसी को पसंद आता है। बेड़मी पूरी उत्तर प्रदेश की बहुत ही लोकप्रिय डिश है, जिसे दिल्ली में बड़े ही चाव से खाया जाता है। अगर आप घर पर हलवाई जैसा स्वाद पाना चाहते हैं तो इस तरह घर पर खस्ता बेड़मी पूरी बना सकते हैं। यहां से नोट करें रेसिपी।
सामग्री
आटे की तैयारी के लिए
- गेहूं का आटा – 2 कप
- सूजी – 1/2 कप (खस्तापन के लिए)
- तेल या घी (मोयन के लिए) – 3 बड़े चम्मच
- अजवाइन – 1/2 छोटा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
दाल की पिट्ठी के लिए
- बिना छिलके वाली उड़द दाल – 1 कप (4-5 घंटे भीगी हुई)
- हरी मिर्च – 2 (बारीक कटी हुई)
- अदरक – 1 इंच का टुकड़ा
- सौंफ पाउडर – 1.5 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
- हींग – 1/4 छोटा चम्मच
- गरम मसाला – 1/2 छोटा चम्मच
- अमचूर पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
- हरा धनिया – बारीक कटा हुआ
बनाने का तरीका
स्टेप 1
भीगी हुई उड़द दाल को पानी से निकालकर मिक्सर में अदरक और हरी मिर्च के साथ दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि दाल में पानी न मिलाएं। अब एक कड़ाही में 1 चम्मच तेल गरम करें। इसमें हींग, सौंफ पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च, अमचूर और दरदरी पिसी हुई दाल डालें। मध्यम आंच पर दाल को तब तक भूनें जब तक कि उसका मॉइश्चर पूरी तरह सूख न जाए और उसमें से बेहतरीन खुशबू न आने लगे। लास्ट में गरम मसाला और हरा धनिया मिलाकर मिश्रण को ठंडा होने दें।
स्टेप 2
अब एक बड़ी परात में गेहूं का आटा, सूजी, अजवाइन, नमक और 3 चम्मच तेल डालें। इसे हाथों से अच्छी तरह मिला लें ताकि मोयन पूरे आटे में समा जाए। अब थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए एक सख्त आटा गूंथ लें। आटे को गीले कपड़े से ढककर 15-20 मिनट के लिए सेट होने के लिए रख दें।
स्टेप 3
सेट किए हुए आटे को एक बार फिर मसल लें और छोटी-छोटी लोइयां बना लें। इसके बाद एक लोई उठाएं, उसे हाथ से कटोरी जैसा आकार दें और बीच में 1 चम्मच तैयार उड़द दाल की पिट्ठी रखें। लोई को चारों तरफ से समेटते हुए बंद कर दें। अब बेलन पर थोड़ा सा तेल लगाकर हल्के हाथों से बेड़मी पूरी बेल लें। ध्यान रखें कि इसे बहुत ज्यादा पतला न बेलें, यह सामान्य पूरी से थोड़ी मोटी होती है।
स्टेप 4
कड़ाही में तेल गरम करें। तेल मध्यम से तेज़ गरम होना चाहिए। गरम तेल में बेड़मी पूरी डालें और झारे से हल्का दबाते हुए फुलाएं। जब पूरी फूल जाए, तो गैस की आंच मध्यम कर दें और दोनों तरफ से सुनहरा व खस्ता होने तक तलें। फिर इसे आलू की सब्जी के साथ सर्व करें।
Latest Lifestyle News