1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. क्या आपने कभी चखा है राजस्थान के मशहूर लाल मास का स्वाद? घर पर बनाने के लिए नोट करें रेसिपी

क्या आपने कभी चखा है राजस्थान के मशहूर लाल मास का स्वाद? घर पर बनाने के लिए नोट करें रेसिपी

राजस्थान की फेमस डिश लाल मास का स्वाद हर नॉन वेज लवर्स को पसंद आता है। ये खाने में जितना स्वादिष्ट लगता है, बनाना भी उतना ही आसान है। यहां हम लाल मास की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। फटाफट नोट करें रेसिपी।

 लाल मास रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : SANJEEV KAPOOR KHAZANA/YOUTUBE लाल मास रेसिपी

लाल मास का नाम सुनते ही नॉन वेज लवर्स के मुंह में पानी आ जाता है। ये एक राजस्थानी डिश है जिसे जंगली मास के नाम से भी जाना जाता है। लाल मास का असल स्वाद इसमें इस्तेमाल की जाने वाली मथानिया मिर्च की वजह से आता है। यह मिर्च स्वाद में बहुत तीखी नहीं होती है लेकिन इसका रंग और स्वाद कमाल का होता है। इस वजह से इस मिर्च का इस्तेमाल लाल मास को बनाने के लिए किया जाता है। अब आप सोच रहे होंगे कि इस डिश का नाम लाल मास क्यों रखा गया, तो आपको बता दें कि लाल मास में रंग लाने का काम मथानिया मिर्च करती है। इसलिए इसे लाल मास कहा जाता है। इसे बनाना भी बेहद आसान है। यहां हम आपके लिए मथानिया मिर्च की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। फटाफट नोट करें रेसिपी। 

सामग्री

मैरिनेशन के लिए 

  • 1 किलो मटन 
  • 2 बड़े चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट (70% लहसुन + 30% अदरक)

ग्रेवी के लिए 

  • ¼ कप घी
  • 2-3 लौंग
  • 10 काली मिर्च
  • 2 छोटी इलायची
  • 1 बड़ी इलायची
  • 250 ग्राम प्याज कटा हुआ
  • मैरिनेटेड मटन
  • नमक स्वादानुसार
  • 20 मथानिया मिर्च पेस्ट (भीगी हुई मिर्च का प्रयोग करें),
  • 200 ग्राम दही
  • 1.5 टेबल स्पून धनिया पाउडर
  • 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • सरसों का तेल

लाल मास बनाने का तरीका
स्टेप 1: लाल मास बनाने के लिए सबसे पहले मथानिया मिर्ची को पानी में भिगोकर 1 से 2 घंटे के लिए छोड़ दें। इसके बाद मिर्च को पानी से निकालें और मिक्सी जार में डालें और पेस्ट तैयार कर लें। 

स्टेप 2: अब मटन को अच्छी तरह धो लें और फिर इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और 1-2 घंटे के लिए मैरिनेट करके छोड़ दें। 

स्टेप 3: मैरिनेशन के बाद मटन को फ्राई करें। इसके बाद एक बड़ा सा बर्तन लें जिसमें लाल मास बनाना है। बर्तन में एक कप सरसों का तेल डालें। 

स्टेप 4: जब तेल गर्म हो जाए तो इसमें कटा हुआ प्याज, छोटी इलायची, लौंग, काली मिर्च, बड़ी इलायची डालकर हल्का फ्राई करें। जब प्याज ब्राउन कलर का हो जाए तब इसमें मैरिनेट किया हुआ मटन डालें। 

स्टेप 5: मटन को थोड़ी देर तक भूनें। भूनने से लाल मास का रंग अच्छा आएगा। भूनते वक्त मटन पानी छोड़ेगा। इसे तबतक भूनें जब तक इसका पानी न सूख जाए। 

स्टेप 6: जब मटन का रंग बदलने लगे तब इसमें मथानिया मिर्च का पेस्ट डालें और इसे भून भून कर पकाएं। जब ये 70 प्रतिशत पक जाए तब इसे ढककर पकाएं। 

स्टेप 7: जब तक लाल मास पक रहा है तब तक दही का पेस्ट तैयार कर लें। इसके लिए  एक बाउल में दही, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, भुना जीरा पाउडर अच्छी तरह मिलाएं और पक रहे मटन में डालें। इसे डालने के बाद 30 मिनट तक मटन को ढककर पकाएं। आखिरी में धनिया पत्ता से गार्निश करके सर्व करें। 

Latest Lifestyle News