गर्मियों में खाने में भिंडी जरूर शामिल करें। भिंडी हरी सब्जियों में शामिल है और इसे खाने से शरीर को कई फायदे मिलते हैं। भिंडी को शुगर के मरीज के लिए भी अच्छा माना जाता है। ज्यादातर घरों में नॉर्मल सब्जी की तरह भिंडी बनाई जाती है। लेकिन भिंडी को आप कई तरह से बना सकते हैं। हम आज आपको कुरकुरी भिंडी की रेसिपी बता रहे हैं, जिसे बेसन डालकर बनाया जाता है। कुरकुरी भिंडी को दाल के साथ खाने पर ये बहुत स्वादिष्ट लगती है। आप एक बार इस तरह से कुरकुरी भिंडी बनाकर खाएंगे तो हमेशा ऐसे ही भिंडी खाएंगे। नोट कर लें कुरकुरी भिंडी की रेसिपी।
कुरकुरी भिंडी की रेसिपी
पहला स्टेप- कुरकुरी भिंडी बनाने के लिए आपको 250 ग्राम ताजा भिंडी लेनी है। ध्यान रखें भिंडी कच्ची हो क्योंकि पकी हुई भिंडी में काफी बीज होते हैं, जो फ्राई करते वक्त निकल जाते हैं। अब भिंडी को पानी से अच्छी तरह धो लें और उनका पानी सूखने दें। जब भिंडी सूख जाएं तो उन्हें लंबाई में सिर्फ 1 बड़ा कट लगाकर दो हिस्सों में कर लें। जो भिंडी बहुत मोटी हो उसके लंबाई में चार हिस्से भी कर सकते हैं। सारी भिंडी इसी तरह से काट लें।
दूसरा स्टेप- अब एक कड़ाही में सरसों का तेल डालें, चूंकि ये भिंडी डीप फ्राई करके बनती है इसलिए तेल की मात्रा नॉर्मल सब्जी से दोगुनी होना जरूरी है। तेल को अच्छी तरह से गर्म हो जाने दें। कटी हुई भिंडी में 2 बड़े चम्मच बेसन छिड़क दें। बेसन को हाथ से मिलाते हुए सारी भिंडी पर लगाएं इसके लिए भिंडी को हल्का टॉस कर लें। अब नमक और थोड़ा नींबू का रस डाल दें।
तीसरा स्टेप- गर्म तेल में भिंडी को डालें और हाई फ्लेम पर फ्राई करें। जब भिंडी अच्छी करारी हो जाए तो नेपकिन पर निकालकर रखते जाएं। सारी भिंडी इसी तरह से फ्राई कर लें। अब भिंडी के ऊपर आमचूर पाउडर, चाट मसाला, नमक, लाल मिर्च पाउडर डालकर इसे दाल के साथ सर्व करें। ये भिंडी खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगती है। आप इसे दाल के साथ खा सकते हैं। ये भिंडी गर्म खाने पर क्रिस्पी रहती है इसलिए इसे उसी वक्त बनाएं जब खानी हो।