क्या आप भी रोज- रोज नाश्ते के मेन्यू को लेकर परेशान रहते हैं। रोज उठते ही दिमाग से में पहला सवाल आता है कि आज नाश्ते में क्या बनाएं, तो हम आपको टोफू की एक स्वादिष्ट रेसिपी बता रहे हैं। सोया पनीर यानि टोफू से बना ये नाश्ता जितना हेल्दी है उससे कहीं ज्यादा टेस्टी है। घर में मेहमान आएं या बच्चों को कुछ मजेदार खाना हो तो टोफू का ये नाश्ता बनाकर खा सकते हैं। फटाफट नोट कर लें टोफू नाश्ता रसिपी।
टोफू नाश्ता रेसिपी
पहला स्टेप- सबसे पहले एक बाउल में आधा बारीक कटा शिमला मिर्च, बारीक कटी गाजर, स्वीट कॉर्न, आधा कटोरी आलू जिन्हें छोटे क्यूब्स में काट लें। 2 मीडियम साइज के उबले हुए आलू मैश करके मिलाएं। इसमें आधा कप चावल का आटा डालें। 1 चम्मच अदरक लहसुन का पेस्ट और 2 बारीक कटी हरी मिर्च डालें। इसमें आधा छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटी चम्मच आमचूर पाउडर, थोड़ी पिसी काली मिर्च और स्वादानुसार नमक डालकर सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
दूसरा स्टेप- सारी चीजों को अच्छी तरह से मिलाने के बाद इसमें 1 चम्मच ऑयल या घी डाल दें और मिक्स कर लें। अब आपको टोफू लेना है और उसे फिंगर के साइज में थोड़ा लंबा और पतला क्यूब्स में काट लें। कटे हुए टोफू के ऊपर 2 चम्मच कॉर्नफ्लार पाउडर डाल दें। ऊपर से थोड़ी चिली फ्लेक्स, ओरिगैनो पाउडर और काली मिर्च पाउडर डालें। एक बार अलट-पलट करते हुए टोफू पर इन्हें अच्छी तरह से चिपक जाने दें।
तीसरा स्टेप- एक पैन में 1 टेबल स्पून ऑयल को गर्म कर लें और सोया पनीर टोफू को हल्का फ्राई कर लें। टोफू को हल्का ठंडा होने दें और तब तक जो स्टफिंग तैयार की है उसमें से लोई जैसी लें और हथेली से उसे बड़ा कर लें। अब इसमें प्राई किया टोफू का एक टुकड़ा रखें और उसे स्टफिंग से अच्छी तरह कवर कर दें। आप इसे गोल या चौकोर शेप में तैयार कर लें। सारे टोफू को ऐसे ही तैयार करके रख लें।
चौथा स्टेप- अब पैन में तेल डालकर गर्म कर लें। इसमें तैयार किए गए स्टफ टोफू को फ्राई कर लें। टोफू को हल्का गोल्डन रंग आने तक फ्राई करें, जिससे ये खाने में करारा और काफी स्वादिष्ट लगता है। आप एक बार इस नाश्ते को बनाकर खाएंगे तो हमेशा के लिए अपने मेन्यू में शामिल कर लेंगे। बच्चों को तो ये रेसिपी बहुत ज्यादा पसंद आने वाली है।