सुबह हेल्दी नाश्ता खाना है जो मिनटों में बनकर तैयार हो जाए तो इसके लिए आप दही ओट्स खा सकते हैं। ओट्स खाने से वजन कम होता है। प्लेन ओट्स जिन्हें पसंद नहीं है उनके लिए दही ओट्स बेस्ट है। आप इसे मिनटों में बनाकर तैयार कर सकते हैं। दही ओट्स पेट को ठंडा रखता है। अगर आप इसमें खीरा, गाजर और प्याज डालकर खाते हैं तो इससे ये और भी हेल्दी बन जाता है। स्वाद के लिए इसमें राई और सूखी दालों का तड़का लगाकर खाएंगे तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे। तो चलिए बिना देरी किए फटाफट नोट कर लीजिए दही ओट्स की रेसिपी।
दही ओट्स की रेसिपी
पहला स्टेप- आपको इसे बनाने के लिए 1 कप इंस्टेंट ओट्स का लेना है। ओट्स को किसी पैन में डालें और मीडियम फ्लेम पर हल्का सा ड्राई रोस्ट कर लें। अब ओट्स को ठंडा होने के लिए रख दें।
दूसरा स्टेप- एक बाउल में डेढ कप दही ले लें और इसमें थोड़ा पानी ड़ालकर दही को थोड़ा मिक्स करते हुए पतला कर लें। अब भुना हुआ ओट्स दही में डालकर आधा घंटे के लिए रख दें। अब ओट्स दही में फूल गए हैं और काफी गाढ़ा हो गया है तो इसमें थोड़ा पानी डालकर इसे नॉर्मल कर लें।
तीसरा स्टेप- इसमें स्वादानुसार नमक डालकर ऐसे ही खा सकते हैं। लेकिन हम इसके फ्लेवर को बढ़ाने के लिए इसमें तड़का का इस्तेमाल करेंगे। 1 खीरा को कद्दूकस करके दही में मिला दें। इसमें बारीक कटा धनिया और हरी मिर्च डाल दें। आप चाहें तो गाजर और प्याज भी डाल सकते हैं। टिफिन में पैक करके कहीं ले जा रहे हैं तो प्याज न डालें। इससे महक आने लगती है।
चौथा स्टेप- तड़का के लिए पैन में थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें राई, थोड़ी सूखी चना दाल, थोड़ी सूखी उड़द दाल, करी पत्ता, थोड़े काजू के टुकड़े, 2 छोटी वाली सूखी लाल मिर्च डाल दें। अब इस तड़के को दही ओट्स में डाल दें। ऊपर से थोड़े अनार के दाने डालें और इसे नाश्ते में पेट भरकर खाएं।