1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. मूंगदाल की सब्जी बनाकर खाई है क्या, इतनी टेस्टी बनेगी कि खाते ही जाएंगे, आसान है रेसिपी

मूंगदाल की सब्जी बनाकर खाई है क्या, इतनी टेस्टी बनेगी कि खाते ही जाएंगे, आसान है रेसिपी

मूंग की दाल बनाकर तो खूब खाई होगी, लेकिन एक बार मूंग दाल से स्वादिष्ट सब्जी बनाकर खाएं। मूंग दाल की वड़ी की सब्जी चावल और रोटी के साथ बहुत अच्छी लगती है। इसकी रेसिपी भी बेहद आसान है।

मूंग दाल की वड़ी की सब्ज़ी - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मूंग दाल की वड़ी की सब्ज़ी

प्रोटीन के लिए दाल एक अच्छा विकल्प है जिसे आप रोजाना के खाने में शामिल कर सकते हैं। खाने में 1 कटोरी दाल रोजाना खानी चाहिए। लेकिन कई बार दाल खाकर मन ऊब जाता है। अगर आप भी वही रोज की दाल के स्वाद से परेशान हैं तो हम आपको दाल से सब्जी बनाना बता रहे हैं। एक दिन मूंग दाल से दाल नहीं बल्कि सब्जी बनाकर खाएं। मूंग दाल की वड़ी की सब्जी खाने में बहुत स्वादिष्ट लगती है। आप चाहें तो वड़ी बनाकर इन्हें लंबे समय तक स्टोर भी कर सकते हैं। अगर सूखी वड़ी नहीं हैं तो घर में इंस्टेंट मूंग दाल की वड़ी बनाकर सब्जी बनाएं। ये सब्जी गजब की स्वादिष्ट लगती है। फटाफट नोट कर लें ताजा मूंग दाल की वड़ी की सब्जी बनाने की रेसिपी।

मूंगदाल की वड़ी की सब्जी कैसे बनाएं?

पहला स्टेप- सबसे पहले आपको हरी मूंग दाल लेनी है। आप साबुत या दो टुकड़ों में की गई मूंग दाल ले सकते हैं। अगर हरी मूंग दाल का इस्तेमाल नहीं करना तो आप धुली मूंग दाल भी ले सकते हैं। दाल को पानी से धोकर 3-4 घंटे के लिए भिगो दें। अब मिक्सी के जार में दाल को दरदरा पेस्ट जितना पीस लें। पीसते वक्त 1-2 चम्मच पानी मिला सकते हैं।

दूसरा स्टेप- दाल को बाउल में निकाल लें और अच्छी तरह फेंट लें। जब बैटर पानी में डालकर चेक करें तो वो ऊपर तैरने लगे। समझ लें बैटर वड़ी बनाने के लिए तैयार है। आप इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दकस किया थोड़ा अदरक, हरा धनिया, लाल मिर्च पाउडर, नमक, एक पिंच हल्दी और हींग मिला दें। सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स करके इसकी पकौड़ियां तल लें।

तीसरा स्टेप- अब सब्जी की ग्रेवी के लिए जिस मिक्सी जार में आपने दाल पीसी है उसी में 1-2 चम्मच दाल को चिपका रहने दें। इसमें डालें 2 टमाटर, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन। अब सारी चीजों को बारीक पेस्ट जैसा पीस लें। कड़ाही गर्म करें और सब्जी बनाने के लिए तेल डालें। तेल में जीरा और हींग डालें। अब इसमें मसाला डाल दें।

चौथा स्टेप- मसाले को लगातार चलाते हुए तेल छोड़ने तक भून लें। इसमें हल्दी पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर मिलाएं। सारी चीजों को मिलाकर 1-2 चम्मच फेंटा हुआ दही मिला दें। मसाले को तेल अलग होने तक पकाएं। अब इसमें पानी डाल दें और उबाल आने पर नमक डालें। ध्यान रखें दही डालते वक्त गैस की फ्लेम बंद कर दें या एकदम धीमी कर दें।

पांचवां स्टेप-अब ग्रेवी में तैयार की गई मूंग दाल की वड़ी डाल दें। इसे ढककर 5 मिनट के लिए पकाएं। सब्जी में पानी अपने हिसाब से कम ज्यादा कर सकते हैं। ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया और गरम मसाला डालकर सब्जी को चावल या रोटी के साथ गर्मागरम सर्व करें।

 

Latest Lifestyle News