1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. तेल नहीं पानी में छोंककर पकाएं सब्जी, एकदम चटपटा मसालेदार स्वाद आएगा, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

तेल नहीं पानी में छोंककर पकाएं सब्जी, एकदम चटपटा मसालेदार स्वाद आएगा, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

No Oil Vegetable Recipe: अगर कुछ हेल्दी खाना है तो बिना तेल के सब्जी बनाना सीख लें। जी हां बिना तेल के सिर्फ पानी में तड़का लगाकर और मसाला भूनकर स्वादिष्ट सब्जी बनाई जा सकती है। फटाफट नोट कर लें बिना तेल की सब्जी के रिसिपी।

बिना तेल के सब्जी की रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बिना तेल के सब्जी की रेसिपी

सब्जी बनाने में लोग काफी ज्यादा तेल का इस्तेमाल करते हैं। कुछ सब्जियां तो सिर्फ तेल में ही पकाई जाती हैं। हालांकि ज्यादा तेल खाना सेहत के लिए हानिकारक है। वहीं पीएम मोदी भी कम तेल खाने की सलाह बार-बार दे रहे हैं। इससे आपकी सेहत भी फिट रहेगी और देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। हालांकि भारत में लोग बिना तेल के सब्जी बनाने का सोच भी नहीं पाते हैं। लेकिन अब फिटनेस को ध्यान में रखने वाले और हेल्दी खाने वाले इसका भी तरीका खोजकर ले आए हैं। जी हां अब सब्जी में तड़का लगाने और मसाला भूनने के लिए तेल की जरूरत नहीं होगी। आप बिना तेल के सिर्फ पानी से स्वादिष्ट सब्जी बना सकते हैं। बिना तेल के सब्जी बनाना आसान है। तो फटाफट नोट कर लें बिना तेल की सब्जी की रेसिपी।

बिना तेल की सब्जी की रेसिपी

पहला स्टेप- सबसे पहले पैन या कड़ाही लें, अब इसमें आधा चम्मच जारी डालकर सूखा भून लें। अब पैन में 3-4 चम्मच पानी डालकर बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, टमाटर और लहसुन डालें। अब बीच-बीच में 1-2 चम्मच पानी डालते रहें। 

दूसरा स्टेप- जब सब्जियां पक जाएं तो बाकी कटी हुई सब्जियां, जैसे आलू गोभी बना रहे हैं तो वो डाल दें। अगर आलू बैंगन बना रहे हैं तो उन्हें डाल दें। अगर कुछ समझ नहीं आ रहा है तो सारी सब्जियों को मिक्स करके डाल दें।

तीसरा स्टेप- अब थोड़ा पानी डालकर सब्जियों को मीडियम फ्लेम पर ढककर पकाएं। जब सब्जियां आधी कुक हो जाएं तो आपको इसमें मसाले डालने हैं। नमक सीधे सब्जी में डालकर मिक्स कर लें। अब आधा चम्मच हल्दी, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच धनिया पाउडर, थोड़ा गरम मसाला लें। सारी चीजों को 2 चम्मच पानी में मिक्स कर लें। 

चौथा स्टेप- मसाले के पेस्ट को सब्जी में डालकर सब्जी को अच्छी तरह से पकने तक धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं। बीच-बीच में सब्जी को चेक करते रहें कि कहीं नीचे से जल तो नहीं रही है। अगर सब्जी जले तो थोड़ा-थोड़ा करके पानी डालते जाएं। जब सब्जी अच्छी गल जाए तो गैस बंद कर दें।

पांचवां स्टेप- सब्जी में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल दें। इस सब्जी का स्वाद चखकर कोई पता नहीं लगा पाएगा कि आपने इस सब्जी को बिना तेल के पकाया है। अगर स्वाद हल्का फीला लगे तो आधा चम्मच बटर या घी ऊपर से डाल दें।  

 

Latest Lifestyle News