1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. मिल्क पाउडर से गुलाब जामुन बनाने की विधि, इतने मुलायम कि मुंह में जाते ही घुल जाएं, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

मिल्क पाउडर से गुलाब जामुन बनाने की विधि, इतने मुलायम कि मुंह में जाते ही घुल जाएं, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

Gulab Jamun With Milk Powder Recipe: सर्दियों में गरमागरम गुलाब जामुन खाने का मन हो तो आप मिल्क पाउडर से टेस्टी और सुपर सॉफ्ट गुलाब जामुन बना सकते हैं। सिर्फ 20 मिनट में ये रेसिपी तैयार हो जाएगी।

गुलाब जामुन रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK गुलाब जामुन रेसिपी

सर्दियों में गरमागरम कुछ खाने का मन है तो आप गुलाब जामुन खा सकते हैं। घर पर बने गुलाब जामुन का स्वाद ही अलग होता है। वैसे तो गुलाब जामुन बनाने के लिए मावा का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन मावा हर वक्त उपलब्ध नहीं होता है। इसलिए आप मिल्क पाउडर से गुलाब जामुन बनाकर खा सकते हैं। मिल्क पाउडर से बने गुलाब जामुन इतने मुलायम बनते हैं कि मुंह में जाते ही घुल जाएं। आप सिर्फ 1 कप मिल्क पाउड से 20 गुलाब जामुन बना सकते हैं। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

मिल्क पाउडर से गुलाब जामुन बनाने की रेसिपी

पहला स्टेप- सबसे पहले एक कड़ाही लें और उसमें आप 1 कप दूध डाल दें। आप कोई भी दूध ले सकते हैं चाहे फुल क्रीम हो या टोन्ड मिल्क हो। अब दूध को हल्का गुनगुना कर लें और इसमें 1 बड़ा कप मिल्क पाउडर डाल दें। दूध और मिल्क पाउडर को अच्छी तरह से मिला लें। अब इसमें 2 चम्मच सूजी डालें और 1 चम्मच देसी घी मिला दें।

दूसरा स्टेप- सारी चीजों को मीडियम फ्लेम पर चलाते हुए पकाएं। करीब 10 मिनट में मिल्क पाउडर गाढ़ा हो जाएगा, ध्यान रखें आपको इसे बहुत ज्यादा गाढ़ा नहीं करना है। बस हलवा जितना गाढ़ा करना है। अब इसे ऐसे ही कड़ाही में ठंडा होने के लिए छोड़ दें।

तीसरा स्टेप- एक पैन में गुलाब जामुन बनाने के लिए चाशनी बना लें। इसके लिए 1.5 कप चीनी लें और इतना ही पानी डालें। अब चीनी को घुलने तक चलाते हुए पकाएं। जब चीनी घुल जाए इसमें इलायची पाउडर डाल दें। चीनी घुलने के बाद आपको इसे 4-5 मिनट और पकाना है। 

चौथा स्टेप- अब ठंडे हुए मिल्क पाउडर में बाइंडिंग के लिए 2-3 चम्मच मैदा मिक्स कर दें। इसमें आधा चम्मच बेकिंग सोडा डालें और सारी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। अब कड़ाही में घी या ऑलिव ऑयल गर्म करें और एक छोटा गुलाब जामुन बनाकर डालकर चेक कर लें कि कहीं फट तो नहीं रहे हैं।

पांचवां स्टेप- गुलाब जामुन को सेंकने के लिए गैस की फ्लेम एकदम लो रखें और बहुत धीमी आंच पर गुलाब जामुन सेंककर तैयार करें। इससे गुलाब जामुन अदंर तक अच्छी तरह से पक जाएंगे और स्वाद भी अच्छा आएगा। अब कड़ाही से निकालकर गुलाब जामुन को तुरंत चाशनी में डाल दें। गुलाब जामुन को 20 मिनट तक चाशनी में ही पड़े रहने दें।

तैयार हैं एकदम मुलायम और घर के बने टेस्टी गुलाब जामुन। आप इन्हें जब जी चाहे बनाकर खा सकते हैं। मिल्क पाउडर से बने गुलाब जामुन अंदर से भी एकदम मुलायम बनते हैं। बिना देरी किए आप फटाफट सर्दियों में एक बार ये रेसिपी जरूर ट्राई करें।

Latest Lifestyle News