1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. हलवाई जैसी कद्दू की सब्जी बनाने का तरीका, चख ली तो फिर कभी नहीं कहेंगे कि कद्दू पसंद नहीं, नोट कर लें रेसिपी

हलवाई जैसी कद्दू की सब्जी बनाने का तरीका, चख ली तो फिर कभी नहीं कहेंगे कि कद्दू पसंद नहीं, नोट कर लें रेसिपी

Kaddu Ki Halwai Style Recipe: कद्दू की सब्जी का हलवाई वाला स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है। हल्का खट्टा मीठा कद्दू पूरी पराठे के साथ मजेदार लगता है। आप घर में इस तरह हलवाई स्टाइल कद्दू बनाकर खा सकते हैं। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

कद्दू की सब्जी की रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV कद्दू की सब्जी की रेसिपी

कद्दू की सब्जी का नाम सुनते ही बच्चे और बड़े सभी मुंह बनाने लगते हैं। लेकिन ये सब्जी हलवाई स्टाइल में बनाई जाए तो खाने में बहुत टेस्टी लगती है। शादी, बारात या लंगर में हलवाई जैसी कद्दू की सब्जी बनाते हैं वैसी सब्जी आप आसानी से घर में भी बना सकते हैं। इस सब्जी का खट्टा मीठा स्वाद पूरी और पराठे के साथ बहुत अच्छा लगता है। फटाफट नोट कर लें कद्दू की हलवाई स्टाइल सब्जी की रेसिपी।

कद्दू की हलवाई स्टाइल सब्जी की रेसिपी

पहला स्टेप- हलवाई स्टाइल में कद्दू बनाना है तो इसके लिए हरा और पतले छिलके वाला कद्दू खरीदकर लाएं। कद्दू को धोकर टुकड़ों में काट लें। एक बार में आधा कद्दू बनाने के लिए काफी है। अब बिना छीले ही कद्दू को काट लें।

दूसरा स्टेप- कद्दू को पचफोरन में बनाया जाता है। इसके लिए एक प्लेट में मेथी दाना, जीरा, सौंफ, राई, कलौंजी को मिलाकर ले लें। बाजार में बना हुआ पचफोरन भी मिल जाता है। अब एक बाउल में 1 चम्मच हल्दी पाउडर, 2 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच धनिया पाउडर और 1 चम्मच किचन किंग पाउडर डालकर पानी डालकर मसाले का पेस्ट जैसा बना लें। 

तीसरा स्टेप- अब कद्दू बनाने के लिए कड़ाही में सरसों का तेल डालें। तेल गर्म होने पर इसमें पचफोरन का तड़का डालें और इसमें आधी छोटी चम्मच हींग डाल दें। तड़के में कसूरी मेथी डाल दें और तुरंत ही कटा हुआ कद्दू डाल दें। इसे अच्छे से मिक्स करके नमक मिला दें। अब कद्दू को थोड़ा गलने दें।

चौथा स्टेप- जब कद्दू आधा से ज्यादा पक जाए तो इसमें मसाले का घोल मिला दें। कद्दू को मीडियम फ्लेम पर ही पकाएं। अब खटास के लिए इसमें कच्चा आम या आमचूर पाउडर मिला दें। हम 1 बड़े कच्चे आम का इस्तेमाल कर रहे हैं। आम डालकर कद्दू को 10 मिनट के लिए और पकाएं।

पांचवां स्टेप- अब कद्दू की सब्जी बनकर तैयार है। इसमें ऊपर से थोड़ा गुड़ डाल दें इससे कद्दू में हल्की मिठास आएगी। इसके अलावा लंबी और बारीक कटी हरी मिर्च डाल दें। गुड़ बहुत ज्यादा न डालें। थोड़ी गरम, थोड़ा काला नमक और ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल दें। स्वादिष्ट कद्दू की सब्जी बनकर तैयार हो चुकी है।

 

Latest Lifestyle News