नाश्ते में गर्मागरम पकौड़े खाने को मिल जाएं तो मजा आ जाता है। कई घरों में सुबह की चाय और शाम की चाय के साथ लोग पकौड़े बनाकर खाते हैं। घर में मेहमानों के आने पर पकौड़े बनाकर सर्व किए जाते हैं। आलू, प्याज, गोभी, बैंगन और पनीर के पकौड़े तो सभी के घरों में बनते हैं लेकिन क्या आपने कभी टमाटर के पकौड़े खाए हैं। गुजरात के सूरत में टमाटर के पकौड़े और टमाटर की भजिया खूब बिकती है। अगर आप भी पकौड़े खाने के शौकीन हैं तो एक बार टमाटर के पकौड़े बनाकर जरूर खाएं। फटाफट नोट कर लें टमाटर के पकौड़े की रेसिपी।
टमाटर के पकौड़े की रेसिपी
पहला स्टेप- सबसे पहले आपको पकौड़े के लिए आलू की स्टफिंग तैयार करनी होगी। गैस पर कड़ाही में 1-2 चम्मच सरसों का तेल डालें। तेल गर्म होने के बाद गैस एकदम धीमी कर दें। तेल में पतली सौंफ, साबुत धनिया 1 बड़ा चम्मच क्रश करके, थोड़ा जीरा, 4-5 हरी मिर्च, 1 इंच अदरक कद्दूकस किया डालें और धीमी आंच पर पकाएं। इसमें 5-6 काली मिर्च को कूटकर डालें, इसमें हींग और 2 बड़े चम्मच बेसन मिला दें।
दूसरा स्टेप- इसमें 2 बड़े चम्मच लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, कसूरी मेथी डालें और मसाले के साथ बेसन को पकाएं। 2 प्याज को स्लाइस में काटकर तेल में डाल दें। प्याज को हल्का मुलायम करना है। इसमें 4-5 उबले आलू हाथों से क्रश करके डालें। आलू को ठंडे होने पर ही इस मसाले में डालें। इसमें नमक और काला नमक स्वादानुसार डालें। आलू को हल्का भून लें। थोड़ा गरम मसाला और आमचूर पाउडर डालकर हरा धनिया डाल दें।
तीसरा स्टेप- अब सलाद के लिए इस्तेमाल होने वाले टाइट टमाटर लेने हैं। अब टमाटर के डंठल वाली साइड से पीलर की मदद से इसमें छेद करके अंदर का पल्प निकाल लें। ध्यान रखें टमाटर के छेद वाला मुंह बहुत बड़ा नहीं करना है। अब खाली टमाटर में चम्मच की मदद से आलू की स्टफिंग भर दें। अच्छी तरह दबाते हुए सारे टमाटर भर लें।
चौथा स्टेप- पकौड़े बनाने के लिए बेसन का गाढ़ा घोल तैयार करें। इसमें नमक और हाथ से रगड़कर थोड़ी अजवाइन, थोड़ी हींग, हल्की और लाल मिर्च पाउडर डालकर घोल बना लें। बेसन को 10 मिनट सेट करने के लिए रख दें। 2 चुटकी मीठा सोडा डालें और इस घोल में टमाटर को डिप करें और इसे कड़ाही में तेल में डालें। गैस की फ्लेम मीडियम हाई रखें। ऊपर से बेसन को पकते ही पकौड़े निकाल लें।
सारे टमाटर के पकौड़े ऐसे ही तैयार करने हैं। इन्हें बीच से कट करके हरी चटनी या सॉस के साथ सर्व करें। यकीन मानिए ऐसे पकौड़े आपने पहले न खाए होंगे न देखे होंगे। सभी को पकौड़े का ये स्वाद खूब पसंद आएगा।