1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. भयंकर गर्मी में खाएं साबुत मूंग दाल के लड्डू, थकान और हड्डियों में दर्द रहेगा दूर, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

भयंकर गर्मी में खाएं साबुत मूंग दाल के लड्डू, थकान और हड्डियों में दर्द रहेगा दूर, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Apr 23, 2026 07:01 am IST,  Updated : Apr 23, 2026 07:03 am IST

Green Moong Dal Laddu Recipe: गर्मी के दिनों में पेट और शरीर को ठंडा रखने के लिए हरी मूंग दाल के लड्डू बनाकर खाएं। साबुत मूंग से इतने टेस्टी लड्डू बनते हैं कि आप खाते ही जाएंगे। फटाफट नोट कर लें साबुत मूंगदाल के लड्डू की रेसिपी।

हरी मूंगदाल के लड्डू की रेसिपी- India TV Hindi
हरी मूंगदाल के लड्डू की रेसिपी Image Source : INDIA TV

गर्मी में कुछ मीठा खाने का मन करे तो आप हेल्दी और बेहद स्वादिष्ट साबुत मूंग दाल के लड्डू बनाकर खा सकते हैं। मूंगदाल के लड्डू खासतौर से गर्मी खाए जाते हैं। मूंग दाल पौष्टिक होती है और ये काफी सुपाच्य भी होती है। इन लड्डू को खाने से न तो पेट खराब होता और न ही शरीर में थकान कमजोरी रह पाती है। मूंग दाल के लड्डू खाने से हड्डियों में होने वाला दर्द भी दूर भाग जाता है। इससे कब्ज की समस्या में भी राहत मिलती है। सुबह नाश्ते में 1 मूंग दाल का लड्डू खाने से आपको काफी देर तक एनर्जी मिलती रहेगी। बच्चों को भी ये हरी मूंग दाल के लड्डू खूब पसंद आएंगे। तो चलिए बिना देरी किए फटाफट नोट कर लें साबुत मूंग दाल के लड्डू की रेसिपी।

मूंग दाल के लड्डू की रेसिपी

पहला स्टेप- लड्डू बनाने के लिए आप 1 कप यानि 250 ग्राम साबुत मूंग दाल ले लें। अगर साबुत मूंग नहीं है तो आप छिलके वाली मूंगदाल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। मूंग दाल को अच्छी तरह से धो लें और छन्नी में डालकर पानी निकलने दें। अब सूती कपड़े पर दाल को फैलाकर डाल दें। पंखे के नीचे या धूप में थोड़ी देर के लिए रख दें, जिससे पानी सूख जाए। 

दूसरा स्टेप- अब पैन में मूंगदाल को डालकर हल्का भूनते रहें। गैस की फ्लेम मीडियम रखें और हल्का ब्राउन होने तक दाल को भूनना है। दाल को निकाल लें और इसी पैन में घी डालें और इसमें काजू, बादाम और खरबूजे के बीज डालकर हल्का भून लें। काजू बादाम को काटकर भूनें तो अच्छा है। आखिर में थोड़ी किशमिश डाल दें।

तीसरा स्टेप- अब ठंडी हो चुकी दाल को मिक्सी में डालकर पीस लें और पाउडर जैसा बना लें। अब कड़ाही में 4 बड़े चम्मच घी डालें और इसमें पिसी मूंग डालकर मीडियम आंच पर दाल को भूनें। जब दाल हल्की ब्राउन हो जाए और घी छोड़ने लगे तो समझ लें मूंग भुन चुकी है। अब इसमें आधा कप ताजा क्रीम, मलाई या गाढ़ा किया हुआ दूध डाल दें। दाल और क्रीम को 3-4 मिनट और पकाएं।

चौथा स्टेप- अब गैस बंद करके दाल में इलायची पाउडर डाल दें। इसे हल्का ठंडा होने दें। अब 250 ग्राम मिश्री को पीसकर पाउडर बना लें। दाल में मिश्री पाउडर डाल दें। हाथों से मिलाते हुए सारी चीजों को मिक्स कर लें। सारे भुने हुए ड्राई फ्रूट्स इसमें डाल दें और लड्डू तैयार कर लें। अगर लड्डू अच्छी तरह से न बनें तो थोड़ा घी और मिला सकते हैं।

तैयार हैं स्वादिष्ट हरी मूंग दाल के लड्डू, आप इन्हें गर्मी में रोज खा सकते हैं। मूंग दाल और मिश्री की तासीर ठंडी होती है। इसलिए आप इसका इस्तेमाल गर्मी में जरूर करें। ये लड्डू पौष्टिक और बनाने में आसान हैं। आप घर में बनाकर इन्हें 15 दिन तक आसानी से खा सकते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल