1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. करवा चौथ पर अपने पार्टनर के लिए बनाएं बाज़ार जैसी गाढ़ी और मलाईदार फिरनी, नोट करें आसान रेसिपी

करवा चौथ पर अपने पार्टनर के लिए बनाएं बाज़ार जैसी गाढ़ी और मलाईदार फिरनी, नोट करें आसान रेसिपी

 Written By: Ritu Raj
 Published : Oct 22, 2026 06:19 pm IST,  Updated : Oct 22, 2026 06:19 pm IST

करवा चौथ के मौके पर लगभग हर घर में फिरनी बनाई जाती है, लेकिन कई लोग मलाईदार फिरनी नहीं बना पाते। ऐसे में यहां हम आपके लिए मलाईदार फिरनी की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं।

करवा चौथ पर अपने पार्टनर के लिए बनाएं बाज़ार जैसी गाढ़ी और मलाईदार फिरनी- India TV Hindi
करवा चौथ पर अपने पार्टनर के लिए बनाएं बाज़ार जैसी गाढ़ी और मलाईदार फिरनी Image Source : ANYONE CAN COOK WITH DR.ALISHA/YOUTUBE

करवा चौथ का त्योहार नजदीक है। ये सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण त्योहार माना जाता है। इस दिन सुहागन महिला अपने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखती है। शाम को चांद के दर्शन और पूजा के बाद व्रत खोलती हैं। इस मौके पर घरों में तरह तरह के पकवान भी बनाए जाते हैं। इन्हीं में से एक है फिरनी। फिरनी बनाना न केवल आसान है बल्कि खाने में भी जबरदस्त लगती है। अगर आप इस करवा चौथ अपने पार्टनर को कुछ स्पेशल और मीठा खिलाना चाहते हैं, तो बाजार जैसी गाढ़ी, मलाईदार 'फिरनी' बनाएं। यहां मलाईदार फिरनी की आसान सी रेसिपी दी गई है। 

सामग्री 

  • बासमती चावल: 4 बड़े चम्मच 
  • फुल क्रीम दूध: 1 लीटर 
  • चीनी: आधा कप 
  • हरी इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच
  • केसर के धागे: 15-20 
  • ड्राई फ्रूट्स: बादाम, पिस्ता और काजू 
  • गुलाब जल या केवड़ा वॉटर: 1 छोटा चम्मच 

बनाने का तरीका

स्टेप 1

सबसे पहले बासमती चावल को अच्छी तरह धोकर 2 से 3 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें। जब चावल अच्छी तरह फूल जाए, तो उसका सारा पानी निकाल दें। अब इन्हें मिक्सी के जार में डालें और बिना पानी के या बहुत हल्का सा पानी छिड़क कर दरदरा पीस लें। ध्यान रहे, पेस्ट बिल्कुल बारीक नहीं होना चाहिए।

स्टेप 2
अब एक भारी तले की कढ़ाई या पतीला लें और उसमें फुल क्रीम दूध डालकर मध्यम आंच पर उबलने के लिए रखें। जब दूध में एक उबाल आ जाए, तो गैस की आंच धीमी कर दें और दूध को थोड़ा गाढ़ा होने तक पकाएं। बीच-बीच में चमचा चलाते रहें ताकि दूध तले में न लगे।

स्टेप 3
अब आंच को बिल्कुल धीमा कर दें। पिसे हुए चावल के दरदरे मिश्रण को दूध में थोड़ा-थोड़ा करके डालें और लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न पड़ें। इसे लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक चावल अच्छी तरह पक न जाएं और दूध में घुलमिल न जाएं।

स्टेप 4
जब चावल पककर गाढ़ा हो जाए और मिश्रण मलाईदार दिखने लगे, तब इसमें चीनी मिला दें। चीनी घुलने के बाद इसमें केसर वाला दूध, हरी इलायची पाउडर और थोड़े से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अंत में सौंधी और पारंपरिक खुशबू के लिए गुलाब जल या केवड़ा वॉटर डालें और गैस बंद कर दें।

स्टेप 5
तैयार फिरनी को मिट्टी के बर्तनों या छोटी कांच की कटोरियों में निकाल लें। ऊपर से बचे हुए कटे हुए बादाम, पिस्ता और कुछ केसर के धागों से गार्निश करें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल।