लौकी की तासीर ठंडी होती है। गर्मियों में लौकी खाना सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। लेकिन कुछ लोग लौकी सब्जी खाकर बोर हो जाते हैं और कुछ लोगों को लौकी की सब्जी का स्वाद पसंद नहीं आता। ऐसे में आप लौकी की रायता बनाकर खा सकते हैं। लौकी का रायत बहुत हेल्दी और पेट को ठंडक देने वाला होता है। इससे फाइबर मिलता है जो पेट की समस्याओं को दूर करने में मदद करता है। आप लंच में लौकी का रायता जरूर शामिल करें, इसे न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ेगा बल्कि कई फायदे भी मिलेंगे। लौकी को हार्ट के लिए, मोटापा कम करने के लिए और डायबिटीज में ब्लड शुगर को कंट्रोल करने के लिए अच्छा माना जाता है। फटाफट नोट कर लें लौकी का रायता बनाने की रेसिपी।
लौक का रायता रेसिपी
पहला स्टेप- लौकी का रायता बनाना आसान है आपको इसके लिए लौकी छीलकर बड़े-बड़े टुकड़ों में काटना है। आप चाहें तो लौकी को मोटी साइड से कद्दूकस कर लें। अब कुकर में या किसी पैन में लौकी और थोड़ा पानी डालकर इसे उबाल लें। लौकी को बहुत ज्यादा उबालने की जरूरत नहीं होती बस आपको इसे हल्का गलाना है। कुकर में उबाल रहे हैं तो 2 सीटी में लौकी अच्छी गल जाती है।
दूसरा स्टेप- अब दही को रायता बनाने के लिए ब्लैंड करके पतला कर लें। दही की जगह आप छाछ का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे भी रायता आसानी से बनाया जा सकता है। अब लौकी को ठंडा होने दें। अगर लौकी को टुकड़ों में काटा है तो उसे हाथ से हल्का मैश कर लें। आप इसके लिए मैशर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर कद्दूकस की गई लौकी है तो इसे ऐसे ही मिला सकते हैं।
तीसरा स्टेप- रायता बनाने के लिए तैयार दही में लौकी को मिक्स कर दें और अब रायते के लिए तड़का तैयार कर लें। एक कलछी में सरसों का तेल डालें और इसमें हींग और जीरा अच्छी तरह से चटका लें। अब थोड़ा बारीक कटा हुआ लहसुन और 1 बारीक कटी हरी मिर्च डाल दें। तड़का में ही थोड़ी सी लाल मिर्च का पाउडर डालें और इसे रायता में मिक्स करके तुरंत ढक दें।
चौथा स्टेप- तड़का लगाने के बाद रायता को ढक दें जिससे अरोमा बाहर न निकले। अब आप रायता में काला नमक, सफेद नमक, चाट मसाला और थोड़ा बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिला दें। इस तरह से तैयार लौकी का रायता आपके खाने के स्वाद को कई गुना बढ़ा देगा।
इस रायता को खाने से पेट को ठंडक मिलेगी और पाचन भी अच्छा होगा। वजन घटाने के लिए भी लौकी का रायता बेहतरीन ऑप्शन है जिससे मोटापा कम किया जा सकता है।
Latest Lifestyle News