नवरात्रि में पूरे 9 दिन का व्रत करने वालों के लिए मखाना लड्डू अच्छा विकल्प है। मखाना लड्डू बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और इसे खाकर आपका पेट भी भर जाता है। मखाना कैल्शियम और फाइबर से भरपूर है इसलिए इन लड्डू को फायदेमंद माना जाता है। आप 1 दिन ये लड्डू बनाकर रख लें और पूरे 9 दिन तक इन्हें खाएं। तो आइये जानते हैं नवरात्रि व्रत स्पेशल मखाना लड्डू की आसान रेसिपी।
पहला स्टेप- लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले कढ़ाई में एक चम्मच घी डालें और घी पिघलने पर मखाना डालेंगे। करीब 2 कप मखाना इस्तेमाल कर रहे हैं। मखाना को मीडियम से लो गैस पर कुरकुरा होने तक आपको भूनना है। जितना घी मखाना भूनने के लिए इस्तेमाल किया है वो पूरा मखाना सोख लेंगे, इससे लड्डू का स्वाद बढ़ जाएगा।
दूसरा स्टेप- मखाना लड्डू की शेल्फ लाइफ भी अच्छी होती है। बाहर रखने पर भी आप इन्हें कई दिनों तक खा सकते हैं। जब मखाने अच्छी क्रिस्पी हो जाएं तो गैस बंद कर दें और भुने हुए मखानों को हल्का सा ठंडा होने दें। अब कड़ाही से मखाने निकाल लें और कढ़ाई में थोड़ा घी डाल दें। गैस का आंच बिल्कुल धीमी रखें और 50 ग्राम काजू, 50 ग्राम बादाम डालकर इन्हें भी 2-4 मिनट के लिए धीमी आंच पर भून लें।
तीसरा स्टेप- अब इसी के साथ आधा कप नारियल डाल दें। आप चाहें को सूखा वाला नारियल ही कद्दूकस करके डाल दें या बाजार से नारियल का बुरादा खरीदकर रोस्ट कर लें। नारियल नहीं मिलाना तो मूंगफली भी मिला सकते हैं। आप चाहें तो दोनों का इस्तेमाल थोड़ा-थोड़ा कर सकते हैं।
चौथा स्टेप- अब 1/4 कप चीनी लें और उसमें थोड़ी हरी इलायची डालकर अच्छी तरह से चीनी को पीस लें। चीनी एकदम बारीक पीसनी है। अब एक बड़े मिक्सर जार में मखाने, सारे मेवा डालकर बारीक पाउडर जैसा बना लें। अब मखाने के बुरादे में चीनी मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।
पांचवां स्टेप-अगर मिश्रण सूखा लगे तो इसमें थोड़ा सा दूध या फिर घी कुछ भी डाल सकते हैं। अगर लड्डू तुरंत खाने हैं और लंबे समय तक स्टोर नहीं करने हैं तो आप इसमें सिर्फ दूध डालकर लड्डू बना सकते हैं। लड्डू को लंबे समय तक चलाना है और फ्रिज के बाहर रखना है तो इसमें थोड़ा घी मिला दें। आप इसका फ्लेवर और बढ़ाना चाहते हैं तो इसमें थोड़ा मावा या फिर कंडेंस्ड मिल्क भी मिला सकते हैं।
अब अपनी पसंद के हिसाब से लड्डू बनाकर तैयार कर लें। दूध, घी या मावा डालने से लड्डू आसानी से बंध जाते हैं। आप सारे मिश्रण से इसी तरह लड्डू बनाकर रख लें। अगर लड्डू नहीं बनाने तो मखाना और मेवा को पीस लें और चीनी की चाशनी बनाकर बर्फी भी जमा सकते हैं। इसे पूरे नवरात्रि में आप खा सकते हैं।
Latest Lifestyle News