अगर आप सुबह के नाश्ते में या फिर शाम के स्नैक्स में कुछ हेल्दी और टेस्टी ट्राय करना चाहते हैं तो मूंगलेट आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन हो सकता है। इसे बनाना काफी आसान है और हेल्थ के लिहाज से भी काफी फायदेमंद माना जाता है। मूंगलेट यानी मूंग दाल से बना फ्लफी, सॉफ्ट और प्रोटीन से भरपूर ऑमलेट जैसा डिश। अगर आप अपने बच्चों या फिर घर के किसी भी सदस्य को हेल्दी ब्रेकफास्ट कराना चाहती हैं तो यहां से मूंगलेट की आसान सी रेसिपी नोट कर सकते हैं।
सामग्री
- पीली मूंग दाल (भिगोई हुई) - 1 कप
- अदरक - 1 इंच
- हरी मिर्च - 2-4
- बारीक कटी सब्जियां - प्याज, शिमला मिर्च, स्वीट कॉर्न, गाजर
- मसाले - नमक, हल्दी, हींग, लाल मिर्च
- बाइंडिंग के लिए - चावल का आटा (1 बड़ा चम्मच)
- ईनो या बेकिंग सोडा
- मक्खन
- हरा धनिया
बनाने की विधि
1. दाल का पेस्ट तैयार करें
सबसे पहले भीगी हुई मूंग दाल को अदरक और हरी मिर्च के साथ पीस लें। ध्यान रहे कि पेस्ट को बहुत पतला न करें, इसे थोड़ा गाढ़ा और दरदरा रखें।
2. फ्लफीनेस के लिए फेंटें
दाल के पेस्ट को एक बाउल में निकालें और 4-5 मिनट तक एक ही दिशा में अच्छी तरह फेंटें। इससे दाल में हवा भरेगी और मूंगलेट फ्लफी बनेगा।
3. सब्जियां और मसाले मिलाएं
अब इसमें कटी हुई सब्जियां, नमक, हल्दी, हींग और चावल का आटा मिलाएं। चावल का आटा इसे बाहर से क्रिस्पी बनाता है।
4. ईनो का तड़का
जब आप मूंगलेट बनाने वाले हों, तभी पेस्ट के एक हिस्से में थोड़ा सा ईनो मिलाएं और ऊपर से एक चम्मच पानी डालें। इसे धीरे से मिक्स करें।
5. ऐसे सेकें
एक पैन में थोड़ा मक्खन या तेल गरम करें। तैयार बैटर को पैन में मोटा फैलाएं। ऊपर से कटा हुआ चुकंदर और धनिया सजावट के लिए डाल सकते हैं। धीमी आंच पर ढककर 2-3 मिनट पकाएं। इसे पलटें और बीच में एक 'X' कट लगाकर थोड़ा मक्खन डालें ताकि यह अंदर तक सिक जाए।
6. परोसें
जब ये अच्छी तक सिक जाए तो इसे धनिया पुदीने की चटनी के साथ सर्व करें।
Latest Lifestyle News