1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. नागपुर का फेमस तरी पोहा कैसे बनाएं, एक बार जरूर चख लें ये नया स्वाद, बनाने के लिए नोट करें रेसिपी

नागपुर का फेमस तरी पोहा कैसे बनाएं, एक बार जरूर चख लें ये नया स्वाद, बनाने के लिए नोट करें रेसिपी

शरीर को एनर्जी देने, पेट भरने और कुछ मजेदार खाने के लिए पोहा बेस्ट ऑप्शन है। महाराष्ट्र के नागपुर से पोहा खाने की शुरुआत हुई, जो अलग-अलग शहरों में अलग स्वाद के साथ बदलता गया। लेकिन क्या आपने नागपुर का फेमस तरी पोहा खाया है। एक बार इस रेसिपी को जरूर ट्राई करें।

तरी पोहा रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV तरी पोहा रेसिपी

पूरे भारत में लोग पोहा को नाश्ते में बढ़े शौक से खाते हैं। महाराष्ट्र के नागपुर से लेकर मध्यप्रदेश के उज्जैन और बिहार तक पोहा को अलग-अलग लोकल मसाले और स्वाद के साथ पकाया जाता है। कहीं पोहा में चीनी डालकर तो कहीं प्याज डालकर सर्व किया जाता है. लेकिन नागपुर में तरी के साथ पोहा परोसा जाता है। एक बार आपको भी तरी वाला पोहा बनाकर खाना चाहिए। फटाफट से नोट कर लें नागपुर के फेमस तरी पोहा की रेसिपी।

नागपुरा का तरी पोहा रेसिपी

पहला स्टेप- सबसे पहले चने की तरी बनाएंगे। इसके लिए 1 कप काले चने लेने हैं और इन्हें रातभर के लिए पानी में भिगोकर छोड़ दें। जिस पानी में चने भिगो रहे हैं उसमें 1 चम्मच मीठा सोडा भी डाल दें। सुबह पानी को निकाल दें और चने को धोकर साफ पानी डालकर कुकर में 5-6 सीटी आने तक चने को उबाल लें। ध्यान रखें चने उबालते वक्त इसमें नमक नहीं मिलाना है। इससे चने कड़े हो जाते हैं।

दूसरा स्टेप- मसाले के लिए 2 मीडियम प्याज को बारीक कटा लें। 2 हरी मिर्च को लंबा काट लें। 3 टमाटर को मोटा काट लें। मसालों में एक चौथाई चम्मच हल्दी पाउडर, 3 छोटे चम्मच धनिया और 2 छोटे चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालें। 1 बड़ा चम्मच लहसुन अदरक का पेस्ट और थोड़ा पानी डालकर पेस्ट जैसा बना लें।

तीसरा स्टेप- कड़ाही में तेल डालें, आपको इसमें तेल थोड़ा ज्यादा डालना होता है। 1 चम्मच सरसों के दाने, फिर थोड़ी काली मिर्च, थोड़ी लौंग, 3-4 हरी इलायची, 1 बड़ी इलायची, 2 तेज पत्ता और थोड़ी हींग डाल दें। इसमें बारीक कटी प्याज, थोड़ी पॉपी सीड्स, 5-6 करी पत्ता डाल दें और 1 बड़ा चम्मच बेसन डाल दें। सारी चीजों को मिलाकर चलाते रहें।

चौथा स्टेप- बेसन और प्याज भुन जाए तो इसमें तैयार किया मसाले का पेस्ट डाल दें। अब मसाले को लगातार चलाते हुए पकाएं, इस दौरान गैस धीमी रखें। जब मसाला भुन जाए तो इसमें उबले हुए चने मिला दें। इसे ज्यादा पानी वाला बनाते हैं तो अपने हिसाब से पानी थोड़ा ज्यादा रखें। नमक डालें और ढककर 10-12 मिनट के लिए पकने दें। जब तेल ऊपर आ जाए तो इसमें कच्चा टमाटर और हरी मिर्च डाल दें। इसमें 1 चम्मच आमचूर पाउडर, आधा चम्मच गरम मसाला डाल दें। सारी चीजों को मिलाएं और तैयार है पोहा के लिए ग्रेवी। ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल दें। 

पांचवा स्टेप- अब आपको डेढ़ कप पोहा लेना है। अब पोहा को नल के नीचे डालकर अच्छी तरह से धो लें और छन्नी में ही रख दें।  पोहा को फूलने दें। 2 मीडियम साइज के आलू बारीक और पतला काट लें। कड़ाही में तेल डालें। इसमें 1 चम्मच सरसों के दाने, 5-6 करी पत्ता, कटे आलू डालें, थोड़ा नमक डालें और ढककर 5 मिनट के लिए पकाएं। अब इसमें आधी चम्मच से थोड़ी ज्यादा हल्दी डाल दें, जब हल्दी पक जाए तो इसमें भीगा हुआ पोहा डालें। ऊपर से थोड़े पानी के छींटे मारें जिससे पोहा नीचे से कड़ाही में चिपके नहीं। अब स्वादानुसार नमक मिलाकर ढककर पोहा को 5 मिनट के लिए और पकाएं। पोहा बनकर तैयार है।

छठा स्टेप- अब प्लेट में पोहा डालें। इसमें बीच में हल्की जगह बनाएं और इसमें चने वाली तरी डालें। अब ऊपर से बारीक कटी प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, थोड़ी भुनी हुई मूंगफली, कोई भुजिया डालकर गार्निश करें। ऊपर से नींबू का रस निचोड़ दें। नागपुरा का तरी वाला पोहा बनकर तैयार है।

 

Latest Lifestyle News