नाश्ते में कुछ चटपटा और मजेदार खाना है तो चावल के आटे के पकौड़े बनाकर खा सकते हैं। बेसन के पकौड़े से कहीं ज्यादा क्रंच चावल के आटे के पकौड़े में होता है। इसमें आलू मिलाकर स्वादिष्ट पकौड़े तैयार किए जाते हैं। घर में मेहमान आएं या पार्टी प्लान कर रहें तो चावल के आटे के पकौड़े बनाकर खा सकते हैं। चावल के आटे के पकौड़े अंदर से काफी फूले हुए और स्पंजी होते हैं। आपको ये रेसिपी जरूर ट्राई करनी चाहिए। कुछ लोग तो डोसा इडली के बचे हुए बैटर से भी पकौड़े बनाकर खा लेते हैं। जान लें चावल के आटे के पकौड़े की रेसिपी।
चावल के आटे के पकौड़े की रेसिपी
पहला स्टेप- आप चावल के आटे से, बचे हुए रात के चावलों को पीसकर या फिर इडली डोसा के बैटर से पकोड़े तैयार कर सकते हैं। हम यहां 1 कप चावल के आटे से पकौड़े बना रहे हैं। चावल के आटे में पानी डालकर भिगो दें। इसमें 3 उबले हुए आलू डालकर पीसकर मिला दें। एकदम पकौड़े जैसा घोल तैयार करना है।
दूसरा स्टेप- पिसे हुए पेस्ट को मिक्सिंग बाउल में डालकर थोड़ी देर अच्छी तरह फेंट लें। घोल को एक तरफ ही फेंटते रहें जिससे फूल जाए और मिश्रण हल्का हो जाए। अब इसमें नमक, जीरा, कटी हुई हरी मिर्च और धनिया पत्ती डालें। अच्छी तरह मिला लें।
तीसरा स्टेप- तैयार किए घोल को ढककर 15 मिनट के लिए रख दें। एक पैन में तेल गर्म करें और उसे मीडियम फ्लेम पर गर्म कर लें। अब हाथ पर हल्का पानी लगाएं और एक एक करके चावल के पकौड़े डालते जाएं। पकौड़ों को सुनहरा होने तक फ्राई करें और निकालकर जाली पर रखते जाएं। इसी तरह बाकी पकौड़ियों को भी तल लें।
चौथा स्टेप- तैयार हैं एकदम कुरकुरे और स्वादिष्ट चावल के पकौड़े। आप गरमागरम चावल के पकौड़े हरी चटनी या टमाटर की सॉस से साथ खाएं। बच्चों और बड़ों सभी को चावल के आटे के पकौड़े का स्वाद खूब पसंद आएगा। बचे हुए चावल से भी ये रेसिपी तैयार की जा सकती है। चावल के पकौड़े पार्टी के लिए मजेदार स्नैक्स है।
Latest Lifestyle News