A
Hindi News लाइफस्टाइल ज़ायक़ा बिना भिगोए, बिना उबाले ऐसे बनाएं साबूदाना की नमकीन, नवरात्रि में रोज खाएं, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

बिना भिगोए, बिना उबाले ऐसे बनाएं साबूदाना की नमकीन, नवरात्रि में रोज खाएं, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

Sabudana Namkeen For Fast: नवरात्रि व्रत के लिए आप घर में साबूदाना की टेस्टी नमकीन बना सकते हैं। चाय के साथ ये नमकीन खाने में बहुत टेस्टी लगती है। फटाफट नोट कर लें साबूदाना नमकीन की रेसिपी।

साबूदाना की नमकीन रेसिपी- India TV Hindi Image Source : INDIA TV साबूदाना की नमकीन रेसिपी

अगर आप नवरात्रि व्रत रखते हैं और बाजार से व्रत वाले चिप्स और नमकीन खरीदकर खाते हैं। तो ये खबर आपके लिए है। व्रत में साफ सफाई का बहुत ध्यान रखा जाता है, लेकिन मार्केट में बिकने वाली चीजों का कोई भरोसा नहीं है। इसलिए बेहतर होगा कि आप खुद ही कुछ चीजें उपवास के लिए बनाकर रख लें। व्रत में हल्का फुल्का खाने का मन है तो आप साबूदाना की नमकीन बनाकर रख सकते हैं। सिर्फ 15-20 मिनट में ढेर सारी साबूदाना नमकीन बनकर तैयार हो जाएगी। सबसे खास बात ये है कि इसके लिए आपको न तो साबूदाना भिगोने और न ही उबालने की जरूरत है। आप बस कुछ चीजों को मिलाकर फटाफट व्रत में खाई जाने वाली साबूदाना नमकीन बना सकते हैं।

साबूदाना नमकीन की रेसिपी

पहला स्टेप- साबूदाना नमकीन बनाने के लिए आपको 2 कप मोटा वाला साबूदाना लेना है। 2 बड़े आलू, आधा कप मूंगफली, काजू, बादाम, मखाना, किशमिश, करी पत्ता, हरी मिर्च, सेंधा नमक और काली मिर्च ले लें। अगर नमकीन को हल्का मीठा फ्लेवर देना है तो थोड़ी पिसी चीनी भी ले लें। नमकीन को फ्राई करने के लिए कोई तेल या घी का इस्तेमाल करें।

दूसरा स्टेप- सबसे पहले आलू को धोकर छील लें और धो लें। अब आलू को कद्दूकस की मदद से मोटी साइड से कस लें। कद्दूकस किए हुए आलू को पानी से अच्छी तरह 2-3 बार धो लें, जिससे आलू का स्टार्च निकल जाए। अब आलू को किसी कपड़े पर फैला दें जिससे ये हल्का सूख जाए। कड़ाही में तेल गर्म करें और तेज आंच पर आलू को सुनहरा होने तक फ्राई कर लें।

तीसरा स्टेप- अब इसी तेल में साबूदाना डालकर फ्राई कर लें। साबूदाना तेल में डालते ही पॉपकॉर्न की तरह फूलते हैं तो थोड़ा ध्यान रखें। सारा साबूदाना ऐसे ही थोड़ा-थोड़ा करके भून लें। अब एक पैन में मखाना भून लें। मूंगफली भून लें और बहुत थोड़े तेल में काजू बादाम भी भून लें और 1 चम्मच तेल में करी पत्ता भून लें।

चौथा स्टेप- एक बड़ा बाउल लें और उसमें साबूदाना, आलू, मखाना, मूंगफली, काजू बादाम, करी पत्ता और किशमिश जैसी सारी चीजों को मिला दें। अब इसमें सेंधा नमक, काली मिर्च और मिठास के लिए थोड़ी पिसी चीनी डाल दें। सारी चीजों को मिलाकर नमकीन को किसी कांच के जार में भरकर रख दें। 

तैयार है व्रत में खाई जाने वाली साबूदाना की नमकीन, इसे आप महीनों तक खा सकते हैं। ये नमकीन खाने में बहुत क्रिस्पी लगती है और स्वाद से भरपूर होती है। किसी भी व्रत में साबूदाना नमकीन को आसानी से खा सकते हैं।

 

Latest Lifestyle News